नई दिल्ली, 24 अगस्त दक्षिण भारत के टियर-2 और टियर-3 शहरों में ज्वेलरी का रिटेल कारोबार करने वाली कंपनी ललिता ज्वेलरी मार्ट के शेयरों ने आज स्टॉक मार्केट में मजबूत शुरुआत कर अपने आईपीओ निवेशकों को खुश कर दिया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 201 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई पर इसकी लिस्टिंग 31.99 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 265.30 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 31.84 प्रतिशत प्रीमियम के साथ 265 रुपये के स्तर पर हुई।
लिस्टिंग के बाद मुनाफा वसूली के चक्कर में हुई बिकवाली के कारण ये शेयर गिर कर 253.50 रुपये के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली शुरू कर दी। लिवाली के सपोर्ट से ये शेयर कुछ देर में ही उछल कर 274.30 रुपये के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि बाद में इसकी चाल में एक बार फिर गिरावट का रुख बन गया। बाजार में लगातार जारी लिवाली और बिकवाली के बीच दोपहर 12:45 बजे तक का कारोबार होने के बाद ये शेयर 262.43 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहा था। इस तरह अभी तक के कारोबार में कंपनी के आईपीओ निवेशकों को प्रति शेयर 61.43 रुपये यानी 30.56 प्रतिशत का फायदा हो चुका है।
इस कंपनी का 1,700 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 से 19 अगस्त के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 66.63 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 153.80 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 78.17 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 12.51 गुना और एंप्लॉयीज के लिए रिजर्व पोर्शन 9.10 गुना सब्सक्राइब हुआ था।
इस आईपीओ के तहत पांच रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 8,46,08,276 शेयर जारी किए गए हैं। इनमें लगभग 1,200 करोड़ रुपये के 5,97,32,655 नए शेयर जारी किए गए हैं। इसके अलावा करीब 500 करोड़ रुपये के 2,48,75,621 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिये बेचे गए हैं। आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपने दस नए स्टोर्स का सेटअप करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने और आम कॉरपोरेट उद्देश्यों में करेगी।
ललिता ज्वेलरी मार्ट की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 359.83 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 364.73 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 1,009.82 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ।
इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में लगातार बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में इसे 16,800.62 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हुआ, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 16,907.88 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी को 25,039.80 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
इस अवधि में कंपनी के कर्ज में भी लगातार बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर 824.18 करोड़ रुपये के कर्ज का बोझ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 949.26 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। जबकि पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की बात करें, तो इस दौरान कंपनी पर लदे कर्ज का बोझ 1,604.14 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया।
इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी बढ़ोतरी हुई। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 1,667.78 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसी तरह 2024-25 में कंपनी का नेटवर्थ बढ़ कर 2,028.80 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में ये 3,033.14 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
कंपनी के रिजर्व और सरप्लस की बात करें तो इस अवधि में कंपनी को इस मोर्चे पर लगातार सफलता मिली। वित्त वर्ष 2023-24 में ये 1,552.46 करोड़ रुपये के स्तर पर था। इसके अगले साल 2024-25 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस बढ़ कर 1,675.39 करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस उछल कर 2,679.74 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया।
Breaking News
- चीन के ह्यूमनॉइड रोबोट ने 100 मीटर दौड़ में उसैन बोल्ट का विश्व रिकॉर्ड पीछे छोड़ा
- प्रायोरिटी ज्वेल्स का आईपीओ 28 अगस्त को खुलेगा, मूल्य दायरा 190-200 रुपये प्रति शेयर
- स्टॉक मार्केट में ललिता ज्वेलरी की मजबूत शुरुआत, मुनाफे में आईपीओ निवेशक
- शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार पर दबाव, मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे सेंसेक्स और निफ्टी
- यशस्वी जायसवाल और असिथा फर्नांडो पर जुर्माना, मैदान पर भिड़ंत के बाद मिली सजा
- आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने अरुण जेटली को याद किया, दी श्रद्धांजलि
- पंत ने इतिहास रचते हुए धोनी को पीछे छोड़ दिया और विदेशी टेस्ट मैचों में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विकेटकीपर बन गए।
- 25 सितंबर को प्राइम वीडियो पर आएगी आलिया-शाहीन भट्ट की 'डोंट बी शाय'
- अनुष्का रंजन और आदित्य सील बने माता-पिता
- कार्तिक आर्यन ने सर्जरी के बाद बताई अपनी सेहत
स्टॉक मार्केट में ललिता ज्वेलरी की मजबूत शुरुआत, मुनाफे में आईपीओ निवेशक















