भिलाईनगर नगर निगम भिलाई की महापौर परिषद की बैठक महापौर नीरज पाल की अध्यक्षता और निगम आयुक्त सुरुचि सिंह की उपस्थिति में हुई। बैठक में सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट के रखरखाव, मांगलिक भवन संचालन, भूखंडों के अंतरण, जलभराव की समस्या और सड़क-नाली निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति दी गई।
संतोषी पारा स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सर्व समाज मांगलिक भवन को संचालन एवं संधारण के लिए 10 माह की अवधि पर देने के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। वहीं, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए भवन एवं भूमि के कर योग्य संपत्ति मूल्य निर्धारण पर सहमति दी गई। निगम ने स्पष्ट किया कि प्रचलित दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए एसएलआरएम सेंटरों में कचरे का पृथक्करण और गीले कचरे से खाद तैयार करने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई। इसके अलावा स्ट्रीट लाइटों के वार्षिक संचालन एवं रखरखाव और निगम क्षेत्र के 52½ वार्डों में सफाई के लिए प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से सफाई कामगार उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
निगम के सातवें चरण में रिक्त 111 आवासीय एवं व्यावसायिक भूखंडों के अंतरण के लिए निविदा आमंत्रित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। जलभराव, प्रदूषित जल और जल संरक्षण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए आईआईटी भिलाई के साथ अनुबंध कर विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार कराने तथा शासन को भेजने के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
बैठक में महापौर परिषद के सदस्य लक्ष्मीपति राजू, सीजू एन्थोनी, संदीप निरंकारी, केशव चौबे, चंद्रशेखर गंवई, नेहा साहू और मालती ठाकुर सहित निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में वार्ड-28 प्रेम नगर के चैता मैदान का नाम बदलकर स्वर्गीय भगवान राय स्मृति चैता मैदान रखने तथा 18 नंबर रोड से मुक्तिधाम तालाब तक के मार्ग का नाम स्वर्गीय विजय प्रकाश यादव छठ घाट मार्ग करने पर सहमति दी गई। वार्ड-38 सोनिया गांधी नगर में परशुराम चौक के पास प्रस्तावित डोमशेड का निर्माण स्थल बदलकर वार्ड-25 स्थित लाल पानी टंकी परिसर में करने का निर्णय भी लिया गया। वार्ड-44 में अधोसंरचना मद से स्वीकृत छह विकास कार्यों के स्थल परिवर्तन पर भी सहमति बनी।













