दिल्ली और टोक्यो की दोस्ती अब मैदान से लेकर समंदर तक नया रंग भरने जा रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि 2027 में राजनयिक रिश्तों के 75 साल पूरे होंगे और इसे युवाओं को केंद्र में रखकर 'साझा क्षितिज वर्ष' के रूप में मनाया जाएगा। जश्न की पहली गेंद नागोया में फेंकी जा चुकी है, जबकि बदलते वैश्विक हालात में भरोसेमंद सप्लाई चेन और सुरक्षा साझेदारी दोनों देशों की सबसे बड़ी प्राथमिकता बनकर उभरी है
कूटनीति के इतिहास में शायद कम ही मौके आए होंगे जब किसी जश्न की शुरुआत बल्ले और गेंद से हुई हो। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इंडिया-जापान इंडो-पैसिफिक फोरम को संबोधित करते हुए बताया कि जापान के नागोया में एशियाई खेलों के दौरान भारत और जापान के बीच खेला गया ऐतिहासिक क्रिकेट मैच दोनों देशों के रिश्तों की 75वीं सालगिरह के उत्सव का आगाज साबित हुआ।
विदेश मंत्री ने मौजूदा भू-राजनीतिक माहौल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश अहम क्षेत्रों में मजबूत और भरोसेमंद वैश्विक सप्लाई चेन बनाना जरूरी मानते हैं। इसके लिए कनेक्टिविटी की चुनौतियों, संकरे समुद्री रास्तों जैसे 'चोक पॉइंट्स' और अहम बुनियादी ढांचे की कमियों को दूर करने पर जोर है।













