Breaking News

शंभू-राजपुरा रेलवे लाइन विस्फोट मामले में अमेरिका से निर्वासित आरोपित सुरिंदर सिंह गिरफ्तार, एनआईए ने अब तक 8 आरोपितों को पकड़ा


देश 18 November 2026
post

शंभू-राजपुरा रेलवे लाइन विस्फोट मामले में अमेरिका से निर्वासित आरोपित सुरिंदर सिंह गिरफ्तार, एनआईए ने अब तक 8 आरोपितों को पकड़ा

नई दिल्ली, 18 नवंबर  राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पंजाब के शंभू-राजपुरा रेलवे लाइन विस्फोट मामले में आरोपित सुरिंदर सिंह उर्फ ठिकरीवाल को गिरफ्तार किया है। अमेरिका से भारत निर्वासित किए जाने के बाद उसे दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया। सुरिंदर सिंह खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स (केजेडएफ) का समर्थक है। अमेरिकी अधिकारियों ने उसे हिरासत में लेने के बाद भारत सरकार के साथ समन्वय कर निर्वासित किया।



एनआईए ने बताया कि मामला 27 अप्रैल को डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (डीएफसीसीआईएल) की रेलवे लाइन पर शंभू और राजपुरा स्टेशनों के बीच किलोमीटर संख्या 1174-5 पर हुए विस्फोट से जुड़ा है। विस्फोट के जरिए केजेडएफ की आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और पंजाब में कानून-व्यवस्था को अस्थिर करने की साजिश रची गई थी।

जांच में सामने आया कि विस्फोट के बाद सुरिंदर सिंह ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। इसमें उसने घटना का समर्थन और महिमामंडन किया था। उसने साजिश में शामिल आरोपितों का भी समर्थन किया था, जिनमें जगत रूप सिंह शामिल था। जगत रूप सिंह की विस्फोट को अंजाम देते समय मौत हो गई थी। सुरिंदर सिंह ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स को ‘कौमी संगठन’ बताया और घोषित व्यक्तिगत आतंकवादी (डीआईटी) रंजीत सिंह उर्फ नीता को ‘कौम का जनरल’ कहा था।

एनआईए ने जांच के दौरान सुरिंदर सिंह के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया था। पंजाब के अलग-अलग जिलों में भी उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस गिरफ्तारी के साथ शंभू-राजपुरा विस्फोट मामले में एनआईए अब तक आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की व्यापक साजिश की जांच जारी है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.