Breaking News

जनजातीय समाज का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : विजय शर्मा


छत्तीसगढ़ 18 November 2026
post

जनजातीय समाज का विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता : विजय शर्मा

रायपुर   जनजातीय गौरव दिवस पर बिरसा मुंडा जयंती के उपलक्ष्य में बालोद में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। इस समारोह में कांकेर सांसद भोजराज नाग ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री शर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले जनजातीय वीर स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके आदर्शों पर चलते हुए छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समाज के सम्मान, उत्थान और सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उप मुख्यमंत्री ने जिले में संचालित विभिन्न विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रत्येक गांव और प्रत्येक जरूरतमंद परिवार तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचें। उन्होंने बताया कि जिले में पेयजल के लिए कनेरी-धनोरा मल्टी विलेज स्कीम का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। इस योजना से अनेक गांवों के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि बालोद जिले का नारागांव प्रदेश का पहला ऐसा गांव बनने की दिशा में अग्रसर है, जहां सभी घरों और शासकीय कार्यालयों को सौर ऊर्जा से संचालित करने की पहल की जा रही है।

उप मुख्यमंत्री शर्मा ने बस्तर क्षेत्र में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि माओवाद के प्रभाव में कमी आने के साथ ही क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण मजबूत हो रहा है। आज बस्तर के गांवों में दशहरा जैसे पारंपरिक पर्वों में देवी-देवताओं और श्रद्धालुओं की भागीदारी बढ़ रही है। गांवों में फिर से मेले, उत्सव और सामाजिक मेल-मिलाप की परंपराएं उत्साह के साथ जीवंत हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए वहां के लोगों को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

समारोह में सांसद नाग ने जनजातीय समाज के सम्मान, अधिकारों और कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना, जनजातीय उत्कर्ष अभियान और महतारी वंदन योजना से जनजातीय क्षेत्रों में विकास को नई गति मिल रही है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.