केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) और सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए 124 आधुनिक बख्तरबंद वाहन सौंपे गए हैं. इन वाहनों को खास तौर पर संवेदनशील इलाकों में जवानों की सुरक्षित आवाजाही और आतंकवाद व उग्रवाद विरोधी अभियानों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इन्हें आर्मर्ड ट्रूप ट्रांसपोर्टर (ATT) नाम दिया गया है. इनकी खासियत यह है कि इनकी बॉडी और निचले हिस्से को विस्फोटों और गोलीबारी से सुरक्षा देने के लिए मजबूत बनाया गया है.
Zee News की रिपोर्ट के मुताबिक, गृह मंत्रालय की पहल पर तैयार किए गए इन 124 वाहनों में से 109 CRPF और 15 BSF को दिए गए हैं. प्रत्येक वाहन में 28 जवानों के बैठने की क्षमता बताई गई है. इस तरह इन वाहनों के जरिए कुल 3,472 जवानों को एक साथ आवाजाही की सुविधा मिल सकती है. इनका निर्माण भारत में Ashok Leyland ने किया है
इन वाहनों को सामान्य बसों से अलग सुरक्षा जरूरतों के हिसाब से तैयार किया गया है. इनकी बॉडी में मजबूत स्टील और बुलेटप्रूफ शीशों का इस्तेमाल किया गया है. साथ ही, निचले हिस्से को भी विशेष मजबूती दी गई है, ताकि सड़क पर विस्फोट होने की स्थिति में अंदर बैठे जवानों को सुरक्षा मिल सके.
बख्तरबंद बॉडी और बंद खिड़कियों के कारण वाहन के अंदर तापमान बढ़ने की आशंका रहती है. इससे निपटने के लिए इनमें हाई-वोल्टेज एयर कंडीशनिंग (HV-AC) सिस्टम दिया गया है. इसकी मदद से गर्मी और उमस के दौरान भी अंदर का तापमान नियंत्रित रखने में मदद मिलेगी.














