चेन्नई, 27 नवंबर जलवायु जोखिम आधारित जल प्रबंधन से तमिलनाडु को सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के 11 लक्ष्यों के तहत तय 36 मानकों को हासिल करने में मदद मिल सकती है। जलवायु थिंक टैंक 'काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वॉटर' (सीईईडब्ल्यू) ने शुक्रवार को आयोजित एक कार्यशाला में चेन्नई नदी बेसिन में जल संकट और जलवायु जोखिम कम करने के लिए चार प्रमुख उपाय सुझाए। इनमें स्थानीय स्तर पर जल जोखिम और जल संतुलन का आकलन अनिवार्य करना, संस्थागत क्षमता बढ़ाना, मौजूदा आंकड़ों को मजबूत करना तथा अधिक जोखिम वाले उप-बेसिनों में बजट आवंटन और कार्यों को प्राथमिकता देना शामिल है।
'तमिलनाडु के लिए जलवायु जोखिम आधारित जल सुरक्षा योजना' विषय पर आयोजित ज्ञान-साझाकरण कार्यशाला में सीईईडब्ल्यू ने अपने अध्ययन के निष्कर्ष और सुझाव प्रस्तुत किए। सीईईडब्ल्यू की प्रोग्राम लीड इकांशा खंडूजा ने बताया कि पूरे भारत में जलवायु परिवर्तनशीलता बढ़ने के कारण जल सुरक्षा का संकट गहराता जा रहा है। देश के 15 प्रमुख नदी बेसिनों में से 11 फिलहाल जल संकट का सामना कर रहे हैं।
सीईईडब्ल्यू के अध्ययन 'टुवर्ड क्लाइमेट-रेजिलिएंट रिवर सिस्टम्स इन चेन्नई' का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि कूवम और कोसस्थलैयार उप-बेसिनों की जल प्रणालियां जलवायु जोखिम के लिहाज से सबसे अधिक संवेदनशील हैं। इनके बाद कोवलम, अडयार, अरणियार और गुम्मिडिपूंडी का स्थान है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ये तुलनात्मक रैंकिंग हैं और कम रैंक का अर्थ यह नहीं है कि संबंधित क्षेत्रों में जलवायु कार्रवाई की आवश्यकता कम है।
तमिलनाडु ग्रीन क्लाइमेट कंपनी के साथ साझेदारी में किए गए इस अध्ययन में चेन्नई नदी बेसिन के तमिलनाडु वाले हिस्से में उप-बेसिन स्तर पर जल संसाधनों से जुड़े जलवायु जोखिमों की पहचान की गई है। इसके अलावा छह नीतिगत परिदृश्यों के आधार पर सिमुलेशन के जरिये भविष्य में पानी की मांग और आपूर्ति का अनुमान लगाया गया है।
अध्ययन में जल जोखिम और पानी की कमी घटाने के लिए चार प्रमुख उपाय सुझाए गए हैं। पहला, स्थानीय स्तर पर बहु-विषयक जल जोखिम आकलन और जल संतुलन तैयार करना अनिवार्य किया जाए। दूसरा, राज्य की संस्थाओं की क्षमता का आकलन कर उसे मजबूत बनाया जाए, ताकि नियमित रूप से जल जोखिम और जल संतुलन का आकलन किया जा सके। तीसरा, ऐसे आकलन में मददगार मौजूदा आंकड़ों और डेटासेट को बेहतर बनाया जाए। चौथा, अधिक जोखिम वाले उप-बेसिनों में बजट आवंटन और आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।
सीईईडब्ल्यू के अनुसार, बजट आवंटन को प्राथमिकता देने के साथ उपचारित अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग और सूक्ष्म सिंचाई जैसे लक्षित अनुकूलन उपाय लागू किए जाएं, तो अध्ययन के निष्कर्ष तमिलनाडु सरकार की कम से कम 13 संस्थाओं को प्रभावी और जलवायु परिवर्तन के प्रति लचीली जल संसाधन योजनाएं तैयार करने में मदद कर सकते हैं।
अध्ययन में पानी की अपूर्ण मांग घटाने के लिए सूक्ष्म सिंचाई और उपचारित अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग को प्रभावी उपाय बताया गया है। मौजूदा रुझान वाले परिदृश्य के तहत यदि सूक्ष्म सिंचाई का विस्तार कुल फसली क्षेत्र के 13 प्रतिशत तक किया जाए और उपचारित अपशिष्ट जल का 25 प्रतिशत पुन: उपयोग हो, तो वर्ष 2050 तक पानी की अपूर्ण मांग में करीब 52 प्रतिशत की कमी आ सकती है। वहीं, उपचारित अपशिष्ट जल के पुन: उपयोग की दर बढ़ाकर 40 प्रतिशत करने पर इसी अवधि तक पानी की अपूर्ण मांग में लगभग 63 प्रतिशत की कमी आने का अनुमान है।
इकांशा खंडूजा ने कहा, "पानी जलवैज्ञानिक स्तर पर व्यवहार करता है, लेकिन शासन से जुड़े समाधान प्रशासनिक स्तर पर लागू किए जाते हैं। इस अंतर को दूर करने के लिए जरूरी है कि हम समस्या को समझें और उसके समाधान भी जलवैज्ञानिक स्तर पर तैयार करें। इससे अनुकूलन से जुड़े फैसले इस बात पर आधारित होंगे कि बदलती जलवायु के साथ पानी वास्तव में किस तरह व्यवहार करता है। बहु-विषयक जलवायु जोखिम आकलन इस दिशा में एक प्रभावी तरीका है। यह बदलती जलवायु के बीच दीर्घकालिक जल सुरक्षा सुनिश्चित करने में भी मदद करता है।"
सीईईडब्ल्यू के फेलो डॉ. नितिन बस्सी ने कहा, "उपचारित अपशिष्ट जल का पुन: उपयोग बढ़ाना भारत के शहरों को जल सुरक्षित बनाने के सबसे व्यावहारिक तरीकों में से एक है। शहरी स्थानीय निकायों को दीर्घकालिक शहरी योजनाएं बनाकर, वित्तपोषण के स्रोतों में विविधता लाकर और उचित एवं लागत-वसूली सुनिश्चित करने वाले शुल्क निर्धारित करके इस दिशा में बदलाव का नेतृत्व करना चाहिए। सही योजना, मूल्य निर्धारण और कारोबारी मॉडल के साथ अपशिष्ट जल आर्थिक रूप से टिकाऊ और पर्यावरण के लिए लाभकारी शहरी संसाधन बन सकता है।"--
Breaking News
- सोलापुर जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक चुनाव में भाजपा का एकतरफा कब्जा, 19 में से 18 सीटें जीतीं
- मोदी कैबिनेट में होगी हरसिमरत कौर की वापसी? BJP-अकाली गठबंधन के बाद अटकलें तेज
- कभी हाथ में ईंट लेकर चुनाव प्रचार में निकले थे उदयनिधि स्टालिन, जानिए इस एक ईंट ने कैसे मचा दिया था तमिलनाडु की राजनीति में बवाल
- परिसीमन बिल के समर्थकों को “गद्दार” क्यों कह रहे संजय राउत
- बिहार के 13 जिलों से दिल्ली के लिए नियमित अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू, 18 मार्गों से होगा परिचालन
- जलवायु जोखिम आधारित जल प्रबंधन से तमिलनाडु के 11 एसडीजी लक्ष्यों को हासिल करने में मिलेगी मदद
- ट्राई ने दूरसंचार अंतःसंयोजन नियमों में किया संशोधन, 1 जनवरी से होंगे लागू
- ग्लोबल ट्रेंड्स को देखते हुए क्रूड ऑयल फ्यूचर्स में तेज़ी
- भारतीय निर्यातकों से अधिक भागीदार देश उठा रहे एफटीए का लाभ: आरबीआई गवर्नर
- दूध पीने के जबरदस्त फायदे, हड्डियों से लेकर मांसपेशियों तक को मिलती है मजबूती
जलवायु जोखिम आधारित जल प्रबंधन से तमिलनाडु के 11 एसडीजी लक्ष्यों को हासिल करने में मिलेगी मदद











