लोक सभा चुनाव 2029 से पहले मोदी सरकार संसद में सदस्यों की संख्या बढ़ाने की तैयारी में है। इसके लिए केंद्र सरकार ने शुक्रवार को परिसीमन से जुड़े नए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। सरकार ने 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र भी बुलाया है। अब परिसीमन को लेकर एक बार फिर से राजनीतिक और संवैधानिक बहस भी तेज हो गई है।
मोदी सरकार द्वारा प्रस्तावित प्रस्ताव के अनुसार लोक सभा की मौजूदा संख्या में करीब 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की जा सकती है। इससे लोक सभा में सांसदों की संख्या 543 से बढ़कर 850 हो सकती है। नए परिसीमन के साथ ही आम चुनाव-2029 से ही लोक सभा-विधानसभा में महिलाओं को 33% आरक्षण लागू करने का प्रावधान किया गया है। विधेयक में लोकसभा-विधानसभा की मौजूदा सीटों की संख्या राज्यवार सीधे 50% तक बढ़ाने, अधिकतम लोकसभा सीटों की संख्या 850 करने और परिसीमन को 2051 तक फ्रीज करने का प्रावधान है।
अगर संसद से परिसीमन विधेयक पास हो जाता है, तो इसका असर संसद में सांसदों की संख्या ही नहीं, बल्कि सरकारी खर्च भी पड़ेगा। इसके लिए सांसदों की सैलरी, भत्ते, आवास, सुरक्षा, यात्रा, स्टाफ और संसद की कार्यवाही से जुड़ी व्यवस्थाओं पर अतिरिक्त पैसा खर्च होगा। ऐसे में अब सवाल उठता है कि अगर सांसदों की संख्या बढ़ेगी तो सरकार को कितना और खर्च करना पड़ेगा। आइए समझते है पूरी गणित…
लोक सभा में अभी के 545 के आंकड़े को माने तो परिसीमन के बाद सदन में सांसदों की संख्या 850 हो सकती है। इसका अर्थ है कि परिसीमन के बाद लोक सभा में 305 सांसदों की संख्या बढ़ जाएगी। अब 305 सांसदों के लिए अतिरिक्त संसाधनों की व्यवस्था करनी होगी।















