Breaking News

डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर: लुबोमिर यानचारिक ने मानव ठक्कर को पहले दौर में किया बाहर


खेल 13 February 2026
post

डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर: लुबोमिर यानचारिक ने मानव ठक्कर को पहले दौर में किया बाहर

नई दिल्ली, 13 फरवरी । तमिलनाडु फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को खेले गए डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर टेबल टेनिस टूर्नामेंट में भारत को बड़ा झटका लगा। पुरुष एकल वर्ग में भारत की सबसे बड़ी उम्मीद मानव ठक्कर पहले ही दौर में बाहर हो गए।

विश्व रैंकिंग में 174वें स्थान पर काबिज चेक गणराज्य के अनुभवी खिलाड़ी लुबोमिर यानचारिक ने चौथी वरीयता प्राप्त और विश्व नंबर 33 मानव ठक्कर को चार गेमों में 11-6, 11-7, 9-11, 11-9 से हराकर टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया।

38 वर्षीय यानचारिक ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक और सटीक खेल दिखाया।

उनकी सर्विस, खासकर बैकहैंड साइड स्पिन, बेहद प्रभावी रही। रिटर्न गहरे और नियंत्रित रहे, जबकि छोटे और लंबे रैलियों में भी उन्होंने संतुलन बनाए रखा। उन्होंने शायद ही कोई आसान अंक गंवाया और पूरे मैच में दबाव बनाए रखा।

दूसरी ओर, मानव ठक्कर अपने सामान्य लय में नजर नहीं आए। मिड-कोर्ट और बैककोर्ट से ठोस खेल के लिए पहचाने जाने वाले भारतीय खिलाड़ी ने इस मुकाबले में कई साधारण गलतियां कीं।

अनफोर्स्ड एरर्स की श्रृंखला ने यानचारिक को मैच पर नियंत्रण बनाने का मौका दे दिया।

यानचारिक अंतरराष्ट्रीय सर्किट के अनुभवी खिलाड़ी हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2008 में कुवैत ओपन के फाइनल तक पहुंचना रहा है। वर्ष 2025 में वह लगभग एक दर्जन डब्ल्यूटीटी प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके हैं, जिनमें इस सत्र के डब्ल्यूटीटी कंटेंडर मस्कट और डब्ल्यूटीटी स्टार कंटेंडर दोहा भी शामिल हैं। भले ही हालिया टूर्नामेंटों में वह गहराई तक नहीं पहुंचे, लेकिन इस मुकाबले में उनका अनुभव और रणनीतिक अनुशासन साफ नजर आया।

लगातार टूर्नामेंट खेलते रहने वाले यानचारिक ने एक बार फिर साबित किया कि जुझारूपन और धैर्य बड़े उलटफेर की राह खोल सकते हैं।

You might also like!