Breaking News

पश्चिम एशिया में सुलह की उम्मीद से उछला शेयर बाजार, निवेशकों ने कमाए 6.51 लाख करोड़ रुपये


व्यापार 06 May 2026
post

पश्चिम एशिया में सुलह की उम्मीद से उछला शेयर बाजार, निवेशकों ने कमाए 6.51 लाख करोड़ रुपये

नई दिल्ली, 06 मई । पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद के कारण शेयर मार्केट में आज जबरदस्त तेजी का माहौल बनता हुआ नजर आया। आज के कारोबार की शुरुआत भी मजबूती के साथ हुई थी। बाजार खुलने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में तेजी आ गई, लेकिन थोड़ी देर बाद ही मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इन दोनों सूचकांकों की चाल में गिरावट आ गई। दोपहर करीब एक बजे तक बाजार में बिकवाली का दबाव बना रहा।

इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा होर्मुज स्ट्रेट में मालवाहक जहाजों को सुरक्षा देनेवाले नौसैनिक अभियान प्रोजेक्ट फ्रीडम को अस्थाई रूप से रोकने का ऐलान करने के बाद बाजार में एक बार फिर तेजी आ गई। ट्रंप के इस ऐलान के बाद अमेरिका और ईरान के बीच सुलह होने की उम्मीद बन गई, जिससे कच्चे तेल की कीमत में भी जोरदार गिरावट का रुख बना। इससे शेयर बाजार के सेंटीमेंट्स में जबरदस्त सुधार हुआ। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स 1.22 प्रतिशत और निफ्टी 1.24 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुए।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और हेल्थकेयर सेक्टर में आज जम कर खरीदारी होती रही। इसी तरह पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज, टेक ऑयल एंड गैस, मेटल, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, कैपिटल गुड्स और आईटी इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, एफएमसीजी और पावर इंडेक्स गिरावट के साथ लाल निशान में बंद हुए। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 1.76 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.93 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े छह करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 473.02 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले कारोबारी दिन यानी मंगलवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 466.51 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 6.51 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,394 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,862 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,365 शेयरों में गिरावट का रुख रहा, वहीं 167 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,967 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,230 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 737 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 21 शेयर बढ़त के साथ और नौ शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 35 शेयर हरे निशान में और 15 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 406.57 अंक की मजबूती के साथ 77,424.36 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक 657.22 अंक उछल कर 77,675.01 अंक के स्तर तक पहुंच गया। इसके बाद बाजार में मुनाफा वसूली के चक्कर में बिकवाली शुरू हो गई। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर एक बजे के करीब सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से 901.76 अंक टूट कर 244.54 अंक की कमजोरी के साथ 76,773.25 अंक के स्तर तक गिर गया।

इसके बाद पश्चिम एशिया में सुलह होने की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमत में गिरावट आने की खबर आने के बाद बाजार में एक बार फिर उत्साह का माहौल बन गया, जिसकी वजह से खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक निचले स्तर से 1,249.53 अंक की छलांग लगा कर 1,004.99 अंक की तेजी के साथ 78,022.78 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स दिन के ऊपरी स्तर से थोड़ा नीचे फिसल कर 940.73 अंक की बढ़त के साथ 77,958.52 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 138.20 अंक उछल कर 24,171 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही खरीदारी के सपोर्ट से यह सूचकांक 218.05 अंक उछल कर 24,250.85 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने के कारण इस सूचकांक की चाल में गिरावट का रुख बन गया। लगातार हो रही बिकवाली के कारण दोपहर एक बजे के करीब यह सूचकांक ऊपरी स्तर से 252.95 अंक लुढ़क कर 34.90 अंक की कमजोरी के साथ 23,997.90 अंक के स्तर तक आ गया।

इसके बाद बाजार में खरीदारों ने एक बार फिर लिवाली का जोर बना दिया, जिससे निफ्टी की चाल में सुधार का रुख बन गया। लगातार हो रही खरीदारी के सपोर्ट से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक दिन के निचले स्तर से 358.60 अंक उछल कर 323.70 अंक की तेजी के साथ 24,356.50 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। दिन भर की खरीद बिक्री के बाद निफ्टी दिन के ऊपरी स्तर से करीब 25 अंक लुढ़क कर 298.15 अंक की मजबूती के साथ 24,330.95 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से इंटर ग्लोब एविएशन 6.65 प्रतिशत, टीएमपीवी 5.29 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस 4.12 प्रतिशत, ट्रेंट लिमिटेड 3.73 प्रतिशत और एशियन पेंट्स 3.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर, ओएनजीसी 3.16 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.76 प्रतिशत, लार्सन एंड टूब्रो 1.13 प्रतिशत, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन 1.10 प्रतिशत और एनटीपीसी 0.95 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.