Breaking News

तमिलनाडु मंत्रिमंडल का फिर हुआ विस्तार, वीसीके और आईयूएमएल को मिला प्रतिनिधित्व


देश 22 May 2026
post

तमिलनाडु मंत्रिमंडल का फिर हुआ विस्तार, वीसीके और आईयूएमएल को मिला प्रतिनिधित्व

चेन्नई, 22 मई । तमिलनाडु में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली सरकार में शुक्रवार को मंत्रिमंडल का एक और विस्तार किया गया। गठबंधन सहयोगी दलों विदुथलाई चिरुथैगल कच्छि (वीसीके) के नेता वन्नी अरसु और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के शाजहान ने नए मंत्रियों के रूप में शपथ ली।

चेन्नई के गिंडी स्थित राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने दोनों नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री जोसेफ विजय समेत सरकार और गठबंधन दलों के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में तमिलगा वेत्रि कड़गम (टीवीके) को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। इसके बाद पार्टी ने सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार बनाई। सरकार गठन के बाद से ही सहयोगी दलों को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व देने की मांग उठ रही थी।

इसी क्रम में 10 मई को मुख्यमंत्री जोसेफ विजय सहित 10 मंत्रियों ने शपथ ली थी। इसके बाद 21 मई को मंत्रिपरिषद का विस्तार करते हुए 23 और मंत्रियों को शामिल किया गया। अब वीसीके और आईयूएमएल को भी मंत्रिमंडल में जगह देकर गठबंधन संतुलन साधने की कोशिश की गई है।तमिलनाडु विधानसभा में कुल 234 सीटें हैं, जिसके आधार पर मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 35 मंत्री बनाए जा सकते हैं। कांग्रेस के दो नेताओं को पहले ही मंत्रिमंडल में शामिल किया जा चुका है। अब वीसीके और आईयूएमएल को प्रतिनिधित्व मिलने से गठबंधन सहयोगियों की भागीदारी और मजबूत हुई है।

गौरतलब है कि बुधवार को 23 मंत्रियों के विभागों की घोषणा के दौरान अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग तथा पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण विभाग किसी मंत्री को आवंटित नहीं किए गए थे। ऐसे में राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि वन्नी अरसु और शाजहान को ये महत्वपूर्ण विभाग सौंपे जा सकते हैं।दोनों नेताओं के शपथ लेने के बाद अब उनके विभागों को लेकर आधिकारिक घोषणा जल्द किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.