Breaking News

कच्चे तेल में गिरावट से शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 1000 अंक उछला


व्यापार 12 June 2026
post

कच्चे तेल में गिरावट से शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 1000 अंक उछला

12 जून । कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत तेज बढ़त के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में एक प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई।

सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 1000 अंक यानी 1.35 प्रतिशत उछलकर 74,834 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी भी 1.26 प्रतिशत यानी करीब 300 अंक बढ़कर 23,455 पर कारोबार करता दिखा।

सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो सभी प्रमुख सेक्टर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। निफ्टी रियल्टी सबसे बड़ा गेनर रहा, जिसमें 2.51 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। इसके बाद निफ्टी ऑटो 1.79 प्रतिशत चढ़ा।

इसके अलावा निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में क्रमशः 1.29 प्रतिशत और 1.45 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली। मीडिया, केमिकल, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, ऑयल एंड गैस और सीमेंट सेक्टर में भी अच्छी खरीदारी देखी गई।

निफ्टी मेटल 0.92 प्रतिशत मजबूत हुआ, जबकि निफ्टी एफएमसीजी में 0.71 प्रतिशत की बढ़त रही। फार्मा और हेल्थकेयर इंडेक्स भी 0.86 प्रतिशत तक चढ़े।

बाजार में यह तेजी तभी टिकाऊ मानी जाएगी जब प्रमुख इंडेक्स आने वाले कारोबारी सत्रों में अहम रेजिस्टेंस लेवल के ऊपर बने रहें। 23,000-23,100 का स्तर निफ्टी के लिए प्रमुख सपोर्ट है, जबकि 23,600-23,650 का स्तर रेजिस्टेंस के तौर पर देखा जा रहा है।

कमोडिटी बाजार में वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) क्रूड करीब 3 प्रतिशत गिरकर 85 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 1.59 प्रतिशत फिसलकर 88.94 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

एशियाई बाजारों में भी मजबूत तेजी देखने को मिली। जापान का निक्केई 3 प्रतिशत से अधिक चढ़ा, हांगकांग का हैंग सेंग 2 प्रतिशत उछला, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 8 प्रतिशत से अधिक की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा।

वहीं अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी सत्र में अच्छी तेजी रही। नैस्डैक 2.54 प्रतिशत और एसएंडपी 500 1.75 प्रतिशत बढ़त के साथ बंद हुआ।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.