भारत आज से हैदराबाद में 12वीं ब्रिक्स श्रम एवं रोजगार मंत्रियों की बैठक की मेजबानी करेगा। दो दिवसीय इस बैठक में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के विषय, 'लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता के लिए निर्माण' के तहत ब्रिक्स सदस्य देशों के श्रम एवं रोजगार मंत्री और वरिष्ठ अधिकारी एक साथ आएंगे।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया बैठक की अध्यक्षता करेंगे। मंत्री चार प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर विचार-विमर्श करेंगे, जिनमें सामाजिक सुरक्षा को बढ़ावा देना, श्रम बाजारों का औपचारिककरण करना और कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी और समावेशन को बढ़ाना शामिल है। बैठक में रोजगार कार्य समूह द्वारा तैयार किए गए एक मसौदा घोषणापत्र पर भी विचार किया जाएगा और उसे अपनाया जाएगा। इसका उद्देश्य श्रम बाजार नीतियों, श्रमिक कल्याण, कौशल विकास और समावेशी रोजगार पर ब्रिक्स देशों के बीच सहयोग को मजबूत करना है, साथ ही बदलते कार्य जगत में लचीले और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देना है।















