Breaking News

न्यूयॉर्क में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठक


देश 22 August 2026
post

न्यूयॉर्क में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठक

गांधीनगर, 22 अगस्त गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने अपनी अमेरिका यात्रा के दौरान न्यूयार्क में वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से वन-टू-वन बैठक की। मुख्यमंत्री ने जेपी मॉर्गन, टिलमैन ग्लोबल होल्डिंग, उबर और गोलुब कैपिटल के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इसके साथ ही उन्होंने आईबीएम रिसर्च का भी दौरा किया।

मुख्यमंत्री पटेल के नेतृत्व में अमेरिका यात्रा में गए प्रतिनिधिमंडल ने राज्य के विकास को वैश्विक पूंजी, अत्याधुनिक तकनीक और अंतरराष्ट्रीय सहयोग से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो रही है। इन बैठकों के दौरान गुजरात में वैश्विक निवेश, आधुनिक तकनीक, नीतिगत औद्योगिक विकास, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। इससे राज्य के विकास मॉडल को वैश्विक अर्थव्यवस्था और तकनीकी क्षेत्र के नए अवसरों से जोड़ने की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।

मुख्यमंत्री ने गिफ्ट सिटी को वैश्विक स्तर के वित्तीय केंद्र के रूप में और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से जेपी मॉर्गन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। जेपी मॉर्गन ने गिफ्ट सिटी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए यहां अपनी उपस्थिति और कारोबार के विस्तार की योजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक वित्तीय संस्थानों का बढ़ता विश्वास गिफ्ट सिटी को विश्व के प्रमुख वित्तीय केंद्रों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

मुख्यमंत्री ने गोलुब कैपिटल के न्यूयॉर्क स्थित को-प्रेसिडेंट जेरी कीफ के साथ भी बैठक की। कंपनी ने गिफ्ट सिटी में निवेश करने तथा बैंकिंग, इंश्योरेंस और एक्सचेंज क्षेत्र से जुड़े वैश्विक भागीदारों को गिफ्ट सिटी के प्लेटफॉर्म से जोड़ने में रुचि दिखाई। वहीं, टिलमैन ग्लोबल होल्डिंग के संस्थापक एवं चेयरमैन संजीव आहूजा के साथ हुई बैठक में गुजरात की प्रो-एक्टिव नीतियों की सराहना की गई। विशेष रूप से गुजरात की प्रगतिशील डेटा सेंटर नीति को उद्योग के लिए अनुकूल बताया गया।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि अनुकूल नीतिगत वातावरण और सरकार-उद्योग के बीच मजबूत सहयोग से डेटा सेंटर क्षेत्र का विकास और तेज हो सकता है। इससे धोलेरा को अगली पीढ़ी के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के वैश्विक हब के रूप में विकसित करने की संभावनाएं भी मजबूत हुई हैं।

उबर ने गुजरात के टियर-2 और टियर-3 शहरों में अपनी सेवाओं का विस्तार करने में रुचि दिखाई है। इससे राज्य के छोटे और मध्यम शहरों में परिवहन एवं कनेक्टिविटी की सुविधाएं बेहतर होने की संभावना है। गुजरात में होने वाले आगामी बड़े खेल आयोजनों के लिए भी उबर ने साझेदारी की संभावनाओं में रुचि व्यक्त की है। इससे खिलाड़ियों और आगंतुकों के लिए सुगम परिवहन व्यवस्था विकसित करने के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।

मुख्यमंत्री पटेल ने न्यूयॉर्क के यॉर्कटाउन हाइट्स स्थित आईबीएम रिसर्च का भी दौरा किया। यहां उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्वांटम कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में हो रहे अत्याधुनिक अनुसंधान एवं नवाचार की जानकारी ली। भारत और गुजरात में अनुसंधान एवं विकास (आरएंडडी) की क्षमताओं को मजबूत करने के लिए ज्ञान साझा करने, गहरे सहयोग और नवाचार की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श हुआ।

अमेरिका यात्रा के दौरान वैश्विक वित्तीय और तकनीकी कंपनियों के साथ हुई इन महत्वपूर्ण चर्चाओं से गुजरात में निवेश, गिफ्ट सिटी के विस्तार, धोलेरा में डेटा सेंटर एवं अगली पीढ़ी के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर तथा एआई , क्वांटम कंप्यूटिंग और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में सहयोग की नई संभावनाएं सामने आई हैं।

मुख्यमंत्री की इस यात्रा से गुजरात के लिए वैश्विक साझेदारी का नया आयाम जुड़ा है। आने वाले समय में निवेश, रोजगार,अत्याधुनिक

तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में राज्य के लिए व्यापक अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.