Breaking News

मुख्यमंत्री साय आज करेंगे ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ


छत्तीसगढ़ 15 September 2026
post

मुख्यमंत्री साय आज करेंगे ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ

रायपुर, 15 सितंबर   नवा रायपुर को गोल्फ खेल और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन समारोह फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एवं डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आयोजन में राष्ट्रीय स्तर की हस्तियों की मौजूदगी से प्रतियोगिता को नई पहचान मिलने के साथ प्रदेश में गोल्फ और खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3:05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे विशिष्ट अतिथियों के साथ गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे तथा प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण करेंगे।

उद्घाटन समारोह के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री और आयोजन से जुड़े अतिथि मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे। इस दौरान प्रतियोगिता के उद्देश्य, खेल विकास की संभावनाओं तथा नवा रायपुर को राष्ट्रीय स्तर पर खेल और पर्यटन के केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना पर जानकारी साझा की जाएगी।

‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ खेल के प्रति रुचि बढ़ाना, उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना तथा नवा रायपुर की आधुनिक खेल अधोसंरचना को नई पहचान दिलाना है। इस आयोजन से प्रदेश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहन मिलने के साथ देशभर के खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों का आकर्षण भी बढ़ने की संभावना है।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.