Raghav Juyal The Paradise Villain: अपनी कॉमेडी और डांस से दर्शकों का दिल जीतने वाले राघव जुयाल को अब
पहचानना शायद आसान नहीं होगा. 'किल' में
खूंखार विलेन बनकर चौंकाने के बाद राघव ने 'द पैराडाइज'
में ऐसा अवतार लिया है, जिसे देखकर उनकी
पुरानी इमेज याद करना मुश्किल हो जाएगा. नानी की इस मच-अवेटेड पैन-वर्ल्ड फिल्म
में वह 'विक्रम मालिक' नाम के सनकी और
खतरनाक किरदार में नजर आ रहे हैं. घुंघराले बाल, भारी
ज्वेलरी और चेहरे पर खौफनाक तेवर वाले राघव का यह लुक सामने आते ही चर्चा में आ
गया था. अब फिल्म रिलीज होने के बाद सवाल यही है कि क्या विक्रम मालिक बनकर राघव
एक बार फिर दर्शकों को चौंका पाए हैं?
घुंघराले बाल, भारी ज्वेलरी और खतरनाक
लुक
'द पैराडाइज' की 'जडल जमाना' वाली अंधेरी और डरावनी दुनिया में मेकर्स
ने राघव जुयाल को बेहद यूनिक अंदाज में पेश किया है. लंबे घुंघराले बाल, गले में भारी-भरकम सोने की ज्वेलरी, रफ लुक और आंखों
में अजीब सा शैतानी खौफ पर्दे पर जब राघव जुयाल की एंट्री होती है, तो उनका रॉ और खतरनाक अंदाज दर्शकों का ध्यान खींच लेता है. दिग्गज कलाकार
तनिकेला भरानी के कड़क वॉइस-ओवर ने उनके किरदार को और ज्यादा धमाकेदार बना दिया
है.
8 महीने की लंबी खोज के बाद मिला था यह विलेन
फिल्म के डायरेक्टर श्रीकांत ओडेला ने बताया था कि वह 'विक्रम मालिक' के किरदार के लिए करीब 8 महीने तक एक ऐसे एक्टर की तलाश में थे, जो लीन,
फ्लेक्सिबल और स्टाइलिश होने के साथ-साथ इस खतरनाक रोल को अपने
अंदाज में निभा सके. राघव जुयाल से पहली मुलाकात में ही उनकी स्क्रीन एनर्जी और
कॉन्फिडेंस ने डायरेक्टर को प्रभावित कर दिया. इसके बाद राघव की नैचुरल एनर्जी और
स्क्रीन प्रेजेंस को ध्यान में रखते हुए किरदार को उनके हिसाब से दोबारा तैयार
किया गया.
X पर राघव जुयाल की एक्टिंग पर भड़के यूजर्स
फिल्म रिलीज होने के बाद X पर राघव
जुयाल की परफॉर्मेंस को लेकर कुछ यूजर्स ने जमकर नाराजगी जाहिर की. एक यूजर ने
राघव के विलेन वाले अंदाज का मजाक उड़ाते हुए लिखा कि कोई उन्हें बताए कि वह विलेन
नहीं बल्कि कॉमेडियन हैं और उनका अंदाज मजाक जैसा लग रहा है. वहीं, दूसरे यूजर ने उनकी एक्टिंग को बेहद खराब बताते हुए लिखा कि उन्हें
एक्टिंग की समझ नहीं है और सवाल किया कि उन्हें इतनी बड़ी फिल्म में कास्ट कैसे
किया गया. इन पोस्ट्स में यूजर्स ने राघव के विक्रम मलिक वाले किरदार और उनकी
परफॉर्मेंस दोनों को निशाने पर लिया है."
'किल' के बाद बदला करियर का
रास्ता
राघव जुयाल इससे पहले 'किल' में विलेन बनकर दर्शकों को चौंका चुके हैं. अब साउथ के इतने बड़े
प्रोजेक्ट में नानी जैसे बड़े स्टार के साथ सीधा मुकाबला करके उन्होंने साबित कर
दिया है कि वह अपनी पुरानी इमेज को पूरी तरह से तोड़ने के मूड में हैं. अब यह देखना
दिलचस्प होगा कि सोशल मीडिया की इस बहस के बीच 'विक्रम मालिक'
का यह अवतार बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित होता है या फ्लॉप.