Bank
Strike: सितंबर के आखिरी सप्ताह में बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम है
तो तारीखों का ध्यान रखना जरूरी है. 26 सितंबर को शनिवार की
छुट्टी है और 27 सितंबर को रविवार है. इसके बाद बैंक
यूनियनों ने 28 से 30 सितंबर 2026
तक तीन दिन की राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है. हालांकि
ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक परेशानी न हो, इसके लिए
सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. रविवार 27 सितंबर को सभी
सरकारी बैंक और Regional Rural Banks सामान्य दिनों की तरह
काम करेंगे.
27 सितंबर को रविवार के
बावजूद खुलेंगे सरकारी बैंक
वित्त मंत्रालय ने 23 सितंबर को जारी आधिकारिक जानकारी में बताया कि 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित बैंक हड़ताल से पहले 26
और 27 सितंबर को वीकेंड की छुट्टियां पड़ रही
हैं. ऐसे में ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतें लगातार प्रभावित न हों, इसके लिए 27 सितंबर को सरकारी बैंक और क्षेत्रीय
ग्रामीण बैंक (Regional Rural Banks) को खोलने का फैसला किया
गया है.
भारतीय रिजर्व बैंक ने भी 27 सितंबर को बैंक
शाखाओं, कार्यालयों, ATM से जुड़ी
शाखाओं और करेंसी चेस्ट को चालू रखने की मंजूरी दी है. रविवार को बैंक खोलने का मकसद
आम ग्राहकों को बैंकिंग से जुड़े जरूरी काम निपटाने का मौका देना है.
26 सितंबर को क्यों बंद
रहेंगे बैंक?
26 सितंबर 2026 को महीने का चौथा
शनिवार है. सरकारी बैंकों में दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश रहता है. इस वजह से
जिन ग्राहकों को ब्रांच जाकर चेक जमा करना है, नकद लेनदेन
करना है, दस्तावेज जमा करने हैं या बैंक से जुड़ा कोई दूसरा
जरूरी काम है, वे 25 सितंबर या फिर
रविवार 27 सितंबर को काम निपटाने की योजना बना सकते हैं.
28 से 30 सितंबर तक क्यों है हड़ताल?
यूनाइटेड फोरम ऑफ़ बैंक यूनियंस (UFBU) और कुछ अन्य बैंक
यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026
को तीन दिन की हड़ताल का आह्वान किया है. यूनियनों की प्रमुख मांग
बैंकों में पांच दिन का कार्य सप्ताह लागू करने की है.
पहले यूनियनों की दो प्रमुख मांगें थीं
- पहला-
पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था
- दूसरा
प्रदर्शन-आधारित प्रोत्साहन (Performance Linked Incentive, PLI) योजना को वापस लेना.
सरकार ने PLI योजना को फिलहाल स्थगित रखने का फैसला किया है. इसके बाद
भी पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह की मांग को लेकर 28 से 30
सितंबर तक हड़ताल प्रस्तावित है. सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों
से हड़ताल टालने की अपील की है.
ग्राहकों को कब निपटा लेना चाहिए जरूरी
काम?
अगर आपको बैंक ब्रांच जाकर कोई जरूरी काम करना है तो 25 सितंबर
सबसे सुरक्षित विकल्प है. इसके अलावा सरकारी बैंक और ग्रामीण बैंक (Regional
Rural Banks) के ग्राहक 27 सितंबर, रविवार को भी शाखा जाकर अपना काम कर सकते हैं. 28 से
30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल के कारण शाखाओं में कामकाज
प्रभावित हो सकता है.















