विदेश मंत्री एस जयशंकर ने खाड़ी, लाल सागर और काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर बार-बार हो रहे हमलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ये हमले अब कोई अपवाद नहीं रह गए हैं। डॉ. जयशंकर न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र के दौरान 'जहाजों और नाविकों की सुरक्षा पर मित्र समूह' की उद्घाटन बैठक को संबोधित कर रहे थे।
विदेश मंत्री ने जहाजों और नाविकों की सुरक्षा पर अधिक ध्यान देने के लिए भारत और लाइबेरिया द्वारा संयुक्त रूप से शुरू की गई एक नई पहल की घोषणा की। उन्होंने कहा कि नाविकों का एक प्रमुख स्रोत भारत और विश्व का सबसे बड़ा जहाजरानी रजिस्ट्री देश लाइबेरिया ने समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने के लिए हाथ मिलाया है। इस पहल का उद्देश्य समुद्री सुरक्षा को बढ़ाने और यह सुनिश्चित करने के लिए एक परामर्श ढांचा स्थापित करना है कि इस क्षेत्र से संबंधित चर्चाओं में प्रमुख हितधारकों की अधिक भागीदारी हो।
उन्होंने हाल ही में ओमान की खाड़ी में एंटीगुआ और बारबुडा के ध्वज वाले मालवाहक पोत एमवी केप डाओ पर हुए हमले का जिक्र किया, जिसमें एक भारतीय नाविक की मौत हो गई थी। डॉ. जयशंकर ने पनामा के ध्वज वाले तेल टैंकर एल गाइया के मामले का भी उल्लेख किया, जिस पर होर्मुज जलडमरूमध्य में हमला हुआ था और जिसमें एक भारतीय चालक दल का सदस्य लापता हो गया था। विदेश मंत्री ने काला सागर में नागरिक जहाजों पर हुए हमलों की ओर भी ध्यान दिलाया, जिनमें एमवी ओमोरफी और एमवी गोल्डन लियो से जुड़े हमले शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को अब छिटपुट मामले नहीं माना जा सकता, क्योंकि प्रमुख जलमार्गों पर वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों पर लगातार हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वाणिज्यिक जहाजों पर हुए हमलों से कई देशों के लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें विभिन्न राष्ट्रीयताओं के नाविक भी मारे गए या प्रभावित हुए हैं। डॉ. जयशंकर ने कहा कि समुद्री व्यापार को बाधित करने और नागरिकों की जान लेने वाले हमलों का बचाव नहीं किया जा सकता, और उन्होंने देशों से ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया।
विदेश मंत्री संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र में भारतीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए न्यूयॉर्क में हैं। डॉ. जयशंकर आज उच्चस्तरीय सत्र को संबोधित करेंगे। इस यात्रा के दौरान मंत्री ने विभिन्न बहुपक्षीय और द्विपक्षीय बैठकों में भाग लिया है।















