Breaking News

बल्ले से लगातार तीन शतक और गेंद से 16 विकेट, इंग्लैंड में छाए छत्तीसगढ़ के ऑलराउंडर परमात्मा पांडेय


छत्तीसगढ़ 26 September 2026
post

बल्ले से लगातार तीन शतक और गेंद से 16 विकेट, इंग्लैंड में छाए छत्तीसगढ़ के ऑलराउंडर परमात्मा पांडेय

 छत्तीसगढ़ के 22 वर्षीय उभरते हुए ऑलराउंडर परमात्मा पांडेय ने यूनाइटेड किंगडम (UK) में आयोजित समर क्रिकेट सीजन में अपने असाधारण खेल से इतिहास रच दिया है। विदेशी परिस्थितियों में शानदार खेल दिखाते हुए परमात्मा ने टूर्नामेंट में लगातार 3 मैचों में 3 शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी मिस्ट्री स्पिन गेंदबाजी से 16 अहम विकेट चटकाकर गेंद व बल्ले दोनों से पूरे सत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

शीर्ष क्रम के बल्लेबाज परमात्मा ने पूरे सत्र में तकनीकी अनुशासन और निरंतरता का परिचय दिया। उन्होंने 15 मैचों में 53.69 की उत्कृष्ट औसत से कुल 698 रन बनाए, जिसमें नाबाद 130 रन उनका सर्वोच्च स्कोर रहा। उन्होंने टूर्नामेंट में 87 चौके और 31 आकर्षक छक्के जड़े तथा टीम के कुल रनों में उनका योगदान अकेले 24.41% रहा। लगातार तीन पारियों में तीन शतक लगाकर उन्होंने लीग में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।


बल्लेबाजी के साथ-साथ परमात्मा ने अपनी मिस्ट्री स्पिन गेंदबाजी से भी मैच के अहम पलों पर प्रभाव डाला। उन्होंने केवल 7 पारियों में गेंदबाजी करते हुए मात्र 4.43 की किफायती इकॉनमी से 16 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। बीच के ओवरों में रनों पर अंकुश लगाने और अहम साझेदारियां तोड़ने में उनकी गेंदबाजी बेहद असरदार साबित हुई।​"मेरा काम निरंतर मेहनत करना है" अपनी उपलब्धि और भविष्य की योजनाओं पर परमात्मा पांडेय ने कहा: "इंग्लैंड की चुनौतीपूर्ण पिचों पर खेलना सीखने के लिहाज से बड़ा अनुभव रहा, जिससे मेरी तकनीक और खेल की समझ और मजबूत हुई है। लगातार तीन शतक लगाना और 16 विकेट लेकर टीम की जीत में योगदान देना सुखद रहा। मेरा अगला लक्ष्य अपने राज्य छत्तीसगढ़ को मैच जिताना और आगे चलकर देश का प्रतिनिधित्व करना है। चयन मेरे हाथ में नहीं है, वह चयनकर्ताओं का निर्णय होता है। मेरा पूरा ध्यान केवल कड़े अभ्यास और मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन देने पर केंद्रित है।"​छत्तीसगढ़ के इस युवा खिलाड़ी ने अपने शानदार हरफनमौला प्रदर्शन से भारत में सभी खेल प्रेमियों और जानकारों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। उन्होंने विदेशी जमीन पर बेहतरीन खेल दिखाकर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है, जिसके चलते खेल जगत और प्रदेशवासी उनके उज्ज्वल भविष्य व मंगलमय करियर की कामना कर रहे हैं।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.