वनडे विश्व
कप 2027 का पूरा शेड्यूल सामने आ गया
है. टूर्नामेंट में पहली बार 14 टीमें हिस्सा लेंगी और भारत-पाकिस्तान
को एक ही ग्रुप में रखा गया है. ऐसे में क्रिकेट फैंस के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इस
बात की है कि इस वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान कितनी बार आमने-सामने आ सकते हैं.
भारत और
पाकिस्तान के बीच ग्रुप स्टेज का मुकाबला 10 अक्टूबर 2027 को जोहान्सबर्ग में खेला
जाएगा. हालांकि, दोनों टीमों की भिड़ंत यहीं खत्म हो,
यह जरूरी नहीं है. नए फॉर्मेट के तहत अगर दोनों टीमें अगले चरणों
में पहुंचती हैं, तो इनके बीच दूसरी और यहां तक कि तीसरी बार
भी मुकाबला हो सकता है.
भारत अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत इससे
पहले 7 अक्टूबर को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगा. यह
मुकाबला केप टाउन में होगा. 2023 विश्व कप के फाइनल में भी
भारत और ऑस्ट्रेलिया आमने-सामने थे, जहां ऑस्ट्रेलिया ने
खिताब अपने नाम किया था.
भारत-पाकिस्तान कितनी बार भिड़ सकते हैं?
नए फॉर्मेट के कारण 2027 वनडे
विश्व कप में भारत और पाकिस्तान के बीच अधिकतम तीन मुकाबले हो सकते हैं.
पहली भिड़ंत- ग्रुप
स्टेज
भारत और पाकिस्तान के बीच पहला मुकाबला पहले ही तय है. दोनों टीमें
10 अक्टूबर को जोहान्सबर्ग में आमने-सामने होंगी. यह
मुकाबला ग्रुप-A के तहत खेला जाएगा. दोनों टीमों को इस मैच
से विश्व कप अभियान में अहम अंक हासिल करने का मौका मिलेगा.
दूसरी भिड़ंत- सुपर-7 में
अगर भारत और पाकिस्तान ग्रुप स्टेज से आगे निकलकर सुपर-7 में जगह बनाते हैं, तो दोनों के बीच दूसरी बार
मुकाबला हो सकता है. नए फॉर्मेट में ग्रुप स्टेज के बाद सात टीमें सुपर-7 चरण में पहुंचेंगी. यहां सभी टीमें एक-दूसरे के खिलाफ खेलेंगी. खास बात यह
है कि ग्रुप स्टेज में हासिल किए गए अंक सुपर-7 में नहीं
जुड़ेंगे. इस चरण में अगर भारत और पाकिस्तान दोनों पहुंचते हैं, तो एक बार फिर दोनों को मिल सकता है.
तीसरी भिड़ंत- सेमीफाइनल या फाइनल
भारत और पाकिस्तान के बीच तीसरी भिड़ंत का रास्ता सेमीफाइनल या
फाइनल में बन सकता है. सुपर-7 की पॉइंट्स टेबल में
शीर्ष चार स्थान हासिल करने वाली टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. यहां नंबर-1
टीम का मुकाबला नंबर-4 से और नंबर-2 टीम का मुकाबला नंबर-3 से होगा. ऐसे में अगर भारत और
पाकिस्तान सेमीफाइनल की अलग-अलग जोड़ियों में पहुंचते हैं, तो
फाइनल में दोनों की भिड़ंत हो सकती है. वहीं समीकरण के अनुसार सेमीफाइनल में भी
दोनों का सामना संभव है.















