Breaking News

त्योहारों से पहले सराफा बाजार की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने की व्यापारियों से चर्चा


शहर 15 October 2026
post

त्योहारों से पहले सराफा बाजार की सुरक्षा को लेकर एसएसपी ने की व्यापारियों से चर्चा

दुर्ग आगामी त्योहारों के मद्देनजर सराफा बाजार में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बुधवार को बाजार का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सराफा व्यवसायियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा की और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

भ्रमण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बाजार में बढ़ने वाली भीड़ और व्यापारिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया। शनिचरी बाजार क्षेत्र में वन-वे व्यवस्था का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने तथा पार्किंग स्थलों में की गई व्हाइट मार्किंग के अनुसार वाहन पार्क करने के निर्देश दिए गए, ताकि बाजार में जाम की स्थिति निर्मित न हो और आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

सराफा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों एवं बाजार क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को चालू और दुरुस्त रखने की सलाह दी। साथ ही, सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए निजी सुरक्षा गार्ड तैनात करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में अन्य राज्यों से आने वाले कुछ व्यक्तियों द्वारा की जा रही धोखाधड़ी तथा दुर्ग, पाटन एवं आसपास के क्षेत्रों में सराफा कारोबारियों के साथ सामने आए धोखाधड़ी के मामलों पर चर्चा की गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों से व्यापारिक लेन-देन के दौरान संबंधित व्यक्तियों की पहचान और भुगतान की पुष्टि करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री शोभराज अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती भारती मरकाम, थाना प्रभारी कोतवाली एवं सराफा संघ के अध्यक्ष  प्रकाश सांखला सहित 50 से अधिक व्यापारी और संघ के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में व्यापारियों की समस्याओं एवं सुझावों पर चर्चा करते हुए त्योहारों के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस एवं व्यापारियों के बीच समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया गया।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.