Breaking News

महादेव सट्टा ऐप केसः सौरभ चंद्राकर आज रायपुर की विशेष अदालत में होगा पेश


छत्तीसगढ़ 12 November 2026
post

महादेव सट्टा ऐप केसः सौरभ चंद्राकर आज रायपुर की विशेष अदालत में होगा पेश

रायपुर, 12 नवंबर । आठ दिनों की कस्टोडियल रिमांड खत्म होने के बाद महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप केस के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर को आज रायपुर की विशेष न्यायालय में पेश किया जाएगा।

ओमान से प्रत्यर्पण के बाद सौरभ चंद्राकर को नवंबर की शुरुआत में रायपुर की विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया गया था, जहां से अदालत ने उसे 8 दिनों की सीबीआई रिमांड पर सौंपा था। सीबीआई की यह रिमांड अवधि आज समाप्त हो रही है, जिसके तहत उसे निर्धारित समयानुसार विशेष अदालत के समक्ष दोबारा पेश किया जाना है।

सीबीआई के अधिकारी दिल्ली में पूछताछ के बाद उसे फ्लाइट से रायपुर लेकर आएंगे। आज की सुनवाई में सबसे अहम बात यह होगी कि सीबीआई आगे की पूछताछ के लिए दोबारा रिमांड मांगती है या नहीं। अगर सीबीआई रिमांड नहीं मांगती है तो ईडी अपने वारंट को लागू कराने के लिए अदालत में फिर से आवेदन पेश कर सकती है। ज्ञात हो कि पिछली सुनवाई में ईडी ने सौरभ को अपने वारंट पर गिरफ्तार करने की मांग की थी।

हालांकि, अदालत ने उस समय ईडी के आवेदन को प्रीमैच्योर यानी समय से पहले दाखिल बताया था। अब आज की सुनवाई में ईडी दोबारा आवेदन देने की तैयारी में है। सीबीआई ने अन्य केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर सौरभ चंद्राकर को ओमान में पकड़ा था।

रिमांड के दौरान सीबीआई ने मुख्य रूप से दिल्ली में उससे पूछताछ की है। जांच एजेंसी इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस 6,000 करोड़ रुपये से अधिक के अवैध सट्टा नेटवर्क का संचालन भिलाई से लेकर दुबई तक कैसे फैला हुआ था और इसके जरिए राजनेताओं, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को हवाला के माध्यम से कथित तौर पर "सुरक्षा राशि" किस प्रकार पहुंचाई गई।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.