साउथ सिनेमा के चर्चित अभिनेता शरवानंद की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'भोगी' को लेकर दर्शकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। फिल्म के मेकर्स ने इसकी नई रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। शरवानंद स्टारर यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। रिलीज डेट सामने आते ही अभिनेता के प्रशंसकों के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के निर्माताओं ने सोशल मीडिया के जरिए एक दमदार पोस्टर साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। पोस्टर के साथ 'लॉक्ड एंड लोडेड' का संदेश भी दिया गया है, जो फिल्म में जबरदस्त एक्शन और रोमांच की ओर इशारा करता है। इस फिल्म में शरवानंद बिल्कुल अलग और आक्रामक अंदाज में दिखाई देने वाले हैं। उनकी नई भूमिका को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। खास बात यह है कि इस बार अभिनेता अपनी पारंपरिक रोमांटिक और पारिवारिक छवि से हटकर एक देसी और दमदार एक्शन अवतार में नजर आएंगे
फिल्म 'भोगी' का निर्देशन संपत नंदी ने किया है, जो इससे पहले 'राचा', 'बंगाल टाइगर' और 'सीतिमार' जैसी फिल्मों के लिए जाने जाते हैं। फिल्म का निर्माण केके राधामोहन ने श्री सत्य साईं आर्ट्स के बैनर तले किया है, जबकि लक्ष्मी राधामोहन इसे प्रस्तुत कर रही हैं। फिल्म की कहानी 1960 के दशक की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसकी कहानी तेलंगाना और महाराष्ट्र की सीमा के पास बसे एक काल्पनिक गांव में घटित होती है। ग्रामीण परिवेश, स्थानीय परंपराओं, सामाजिक परिस्थितियों और आपसी रिश्तों के बीच पनपने वाले संघर्ष को फिल्म में दिखाया जाएगा। कहानी में एक्शन के साथ भावनात्मक पहलुओं को भी खास जगह दी गई है। शरवानंद इस फिल्म में गंगा नाम का किरदार निभा रहे हैं। उनके जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने उनके किरदार का खुलासा किया था, जिसके बाद फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई थी
भोगी' की रिलीज डेट पहले 12 नवंबर 2026 तय की गई थी, लेकिन कुछ अप्रत्याशित देरी के चलते निर्माताओं को इसकी रिलीज टालनी पड़ी। उस समय प्रोडक्शन हाउस ने बयान जारी कर दर्शकों से अपील की थी कि वे फिल्म की रिलीज को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। मेकर्स ने यह भी कहा था कि वे दर्शकों को बेहतरीन सिनेमाई अनुभव देना चाहते हैं और इसके लिए थोड़ा अतिरिक्त समय जरूरी है। फिल्म की सेंसर प्रक्रिया को लेकर भी खबरें सामने आई थीं। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि फिल्म के हिंसक दृश्यों के कारण इसे रिवाइजिंग कमेटी के पास भेजा गया था। बाद में फिल्म को ए सर्टिफिकेट मिलने की जानकारी सामने आई। अब नई रिलीज डेट की घोषणा के साथ निर्माताओं ने फिल्म को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगा दिया है।















