उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान की लोकप्रियता का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनके चाहने वालों की संख्या आज भी लाखों में है। अभिनेता सलमान खान अपनी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ के प्रचार के सिलसिले में अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह के साथ लखनऊ पहुंचे। दोनों कलाकार लखनऊ विश्वविद्यालय में आयोजित दैनिक जागरण संवादी कार्यक्रम में शामिल हुए। जैसे ही सलमान के आने की खबर विश्वविद्यालय परिसर में फैली, उन्हें देखने के लिए युवाओं और प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा। हालात ऐसे हो गए कि मालवीय सभागार के अंदर से लेकर बाहर की सड़कों और आसपास की इमारतों की छतों तक लोगों की भीड़ नजर आई
सलमान खान के लखनऊ पहुंचने की खबर मिलते ही विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह बढ़ने लगा। मालवीय सभागार में कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पहुंच चुके थे। सभागार के भीतर जगह कम पड़ गई तो प्रशंसक बाहर जमा होने लगे। कई युवा अपने पसंदीदा अभिनेता की एक झलक पाने के लिए आसपास की इमारतों और छतों पर चढ़ गए। सभागार के बाहर करीब 300 मीटर तक लोगों का जमावड़ा दिखाई दिया। किसी के हाथ में मोबाइल फोन था तो कोई कैमरे से इस खास पल को कैद करने के लिए उत्सुक नजर आया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी मोर्चा संभालना पड़ा
सलमान खान के साथ अभिनेत्री चित्रांगदा सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं। दोनों कलाकार अपनी आने वाली फिल्म ‘मातृभूमि’ के प्रचार के लिए लखनऊ पहुंचे थे। एयरपोर्ट पर सलमान काली टी-शर्ट में नजर आए, जबकि कार्यक्रम के मंच पर वह औपचारिक सूट पहनकर पहुंचे। उन्होंने हाथ जोड़कर नमस्कार किया और अपने खास अंदाज में सैल्यूट करते हुए दर्शकों का अभिवादन किया। सलमान को सामने देखकर सभागार में मौजूद प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ गया। तालियों और आवाजों के बीच पूरा माहौल किसी बड़े फिल्मी आयोजन जैसा नजर आने लगा















