Breaking News

20 फरवरी को बकावंड विकासखंड के ग्राम पंचायतों में लगेंगी चौपाल


छत्तीसगढ़ 18 February 2026
post

20 फरवरी को बकावंड विकासखंड के ग्राम पंचायतों में लगेंगी चौपाल

जगदलपुर, 18 फ़रवरी । जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन की एक बड़ी पहल के तौर पर 20 फरवरी को बकावण्ड विकासखंड के ग्राम पंचायतों में चैपाल लगाई जाएंगी।

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी आकाश छिकारा के द्वारा बुधवार काे जारी आदेश के अनुसार आयुक्त बस्तर संभाग के निर्देशों के परिपालन में आगामी 20 फरवरी 2026 को जनपद पंचायत बकावण्ड की समस्त ग्राम पंचायतों में विशेष निरीक्षण एवं जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान के तहत जिला प्रशासन के अधिकारियों को अलग-अलग पंचायतों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जिन्हें सुबह 10 बजे से अपने निर्धारित क्षेत्रों में उपस्थित रहकर अनिवार्य रूप से निरीक्षण कार्य प्रारंभ करना होगा।

अधिकारियों का यह दल प्रत्यक्ष रूप से आंगनबाड़ियों, स्कूलों, स्वास्थ्य केंद्रों, उचित मूल्य की दुकानों और निर्माणाधीन कार्यों का जायजा भी लेगा। इस दौरान मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, पूरक पोषण आहार, स्वास्थ्य केंद्रों में दवाओं की उपलब्धता और हर घर नल-जल जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। निरीक्षण की इस प्रक्रिया के बाद दोपहर 2 बजे से अधिकारी पंचायत भवनों में ग्रामीणों के साथ सीधे रूबरू होंगे और उनकी शिकायतों व समस्याओं पर चर्चा करेंगे । सजगता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण के तुरंत बाद उसी दिन शाम 4 बजे जनपद मुख्यालय में समीक्षा बैठक आयोजित की गई है, जिसकी अध्यक्षता स्वयं कलेक्टर करेंगे। इस महत्वपूर्ण अभियान की पूर्व सूचना ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए एक सप्ताह पहले से ही गांवों में मुनादी करवाने के निर्देश दिए गए हैं।

You might also like!