भारत और उज्बेकिस्तान के बीच होने वाले वार्षिक द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास "दुस्तलिक" का सातवां संस्करण कल उज्बेकिस्तान के नमंगन स्थित गुरुमसराय फील्ड ट्रेनिंग एरिया में आयोजित उद्घाटन समारोह के साथ शुरू हो गया। इस अभ्यास का उद्देश्य भारतीय सेना और उज्बेकिस्तान सेना के बीच परिचालन तालमेल को बढ़ाना है, जिसमें गैरकानूनी सशस्त्र समूहों को निष्क्रिय करने के उद्देश्य से संयुक्त विशेष अभियानों पर ध्यान केंद्रित किया गया है।
भारतीय सेना ने कहा कि दुस्तलिक अभ्यास वैश्विक शांति और सुरक्षा के प्रति भारत और उज्बेकिस्तान की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है, साथ ही दोनों सेनाओं के बीच रक्षा सहयोग, सौहार्द और आपसी विश्वास को और मजबूत करता है। उज्बेकिस्तान के पूर्वी सैन्य जिले के कमांडर मेजर जनरल सैदोव ओयबेक आज़ादोविच उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। यह अभ्यास इस महीने की 25 तारीख तक चलेगा।















