Breaking News

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार से गर्मी से राहत की उम्मीद


देश 25 April 2026
post

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार से गर्मी से राहत की उम्मीद

नई दिल्ली, 25 अप्रैल । दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से रविवार को भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। पश्चिम की दिशा से आने वाली गर्म हवाओं के कारण दिल्ली का तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर चला गया है। दिल्ली-एनसीआर में सोमवार को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश का भी पूर्वानुमान है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों के दौरान दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर लू चलने का येलो अलर्ट जारी किया है।

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार का अधिकतम तापमान 42-44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर 15 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है। अगले दिन दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में 26 अप्रैल को आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। इस दिन यहां का अधिकतम तापमान 41-43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है जबकि न्यूनतम तापमान कई जगहों पर सामान्य से अधिक रह सकता है। हवाओं की गति दोपहर में 25 किमी और शाम में 15 किमी रहने की संभावना है।

दिल्ली में 27 अप्रैल को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है क्योंकि इस दिन आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। दिन के समय हवा की गति 30-40 किमी और न्यूनतम तापमान कई जगहों पर सामान्य से अधिक रहने के आसार हैं। दिल्ली के अधिकांश स्थानों पर अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर, उत्तर पश्चिम और मध्य भारत में अगले 3 दिनों के दौरान लू चलने की चेतावनी दी है। इस सप्ताह पश्चिम बंगाल, सिक्किम समेत पूर्वोत्तर भारत में कुछ जगहों पर भारी वर्षा होने का अनुमान है। उत्तर-पश्चिमी भारत में 25-28 अप्रैल के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख गिलगित, मुजफ्फराबाद में हल्की से मध्यम वर्षा और बर्फबारी होने के आसार हैं।

You might also like!