Breaking News

बेंगलुरु में 5वीं राष्ट्रीय दिव्यांग एलीट क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ


खेल 18 May 2026
post

बेंगलुरु में 5वीं राष्ट्रीय दिव्यांग एलीट क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

बेंगलुरु, 18 मई । कर्नाटक राज्य दिव्यांग क्रिकेट संघ के तत्वावधान में 5वीं राष्ट्रीय शारीरिक दिव्यांग एलीट क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। देशभर की शीर्ष टीमें इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं, जिससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए राष्ट्रीय मंच मिल रहा है।

उद्घाटन समारोह में पीसीसीएआई अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया, डीसीसीआई एवं पीसीसीएआई महासचिव रविकांत चौहान, पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण, कर्नाटक दिव्यांग क्रिकेट संघ के अध्यक्ष हेमचंद्र और सचिव संतोष गौड़ा सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। दीप प्रज्वलन के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर डीसीसीआई महासचिव रविकांत चौहान ने कहा कि डीसीसीआई लगातार 24 टीमों के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का आयोजन करता रहा है, लेकिन इस वर्ष प्रतियोगिता को अधिक प्रतिस्पर्धी और उच्च गुणवत्ता वाला बनाने के उद्देश्य से शीर्ष 12 टीमों के बीच एलीट टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। शेष 12 टीमों के लिए प्लेट ग्रुप प्रतियोगिता भी कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की पहचान करना और उन्हें भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार करना है।

रविकांत चौहान ने बताया कि संगठन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहा है। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए “मैन ऑफ द सीरीज” पुरस्कार स्वरूप कार और स्कूटर तक दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि डीसीसीआई का लक्ष्य दिव्यांग क्रिकेटरों को विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करना और उनके खेल स्तर को लगातार बेहतर बनाना है। खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, टूर्नामेंट और अंतरराष्ट्रीय स्तर की हर आवश्यकता पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

उन्होंने यह भी कहा कि संगठन खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में दिव्यांग क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा। साथ ही उन्होंने सभी प्रायोजकों, सहयोगियों और समर्थकों का आभार व्यक्त किया।

पीसीसीएआई अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया ने कहा कि उनकी संस्था पिछले 15 वर्षों से दिव्यांग क्रिकेट के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अब तक लगभग 30.36 लाख रुपये की “मैन ऑफ द मैच” पुरस्कार राशि खिलाड़ियों को दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि उनकी संस्था देश की पहली ऐसी संस्था है, जो प्रत्येक “मैन ऑफ द मैच” विजेता को 11 हजार रुपये प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि अब तक खिलाड़ियों को कुल 87 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि वितरित की जा चुकी है और भविष्य में भी खिलाड़ियों को आर्थिक रूप से मजबूत करने के प्रयास जारी रहेंगे।

पैरालंपिक समिति के अध्यक्ष सत्यनारायण ने कहा कि पैरालंपिक समिति, डीसीसीआई के साथ मिलकर मिश्रित दिव्यांग क्रिकेट को एशियन पैरा गेम्स और पैरालंपिक खेलों में शामिल कराने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले वर्षों में दिव्यांग क्रिकेट को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक पहचान और सम्मान मिलेगा।

समारोह के दौरान पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया गया। साथ ही खेल भावना, समर्पण और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। आयोजकों ने सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों, सहयोगियों और खेल प्रेमियों का आभार व्यक्त करते हुए प्रतियोगिता के सफल आयोजन की कामना की।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.