सरकार ने कहा है कि देश की रिफाइनरियां सामान्य रूप से काम कर रही हैं और पश्चिम एशिया संकट के कारण आयात में आई बाधा के बावजूद भारत के पास कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है। नई दिल्ली में पश्चिम एशिया के हालिया घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग को संबोधित करते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने कहा कि देश में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और प्राकृतिक गैस का पर्याप्त भंडार है। उन्होंने बताया कि किसी भी एलपीजी वितरक केंद्र में आपूर्ति की कमी की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है, लेकिन अफवाहों के फैलने के कारण देश के कुछ हिस्सों में घबराहट में खरीदारी देखी गई है। उन्होंने बताया कि चिन्हित खुदरा एलपीजी आउटलेट्स पर आपूर्ति को फिर से शुरू करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जा रही है। सचिव ने कहा कि मार्च से अब तक सात लाख से अधिक एलपीजी कनेक्शनों को गैसयुक्त किया जा चुका है और दो लाख छिहत्तर हजार कनेक्शनों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया जा चुका है। सचिव ने यह भी बताया कि पिछले चार दिनों में देश में लगभग एक लाख बहत्तर हजार घरेलू एलपीजी सिलेंडर वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस महीने की शुरुआत से अब तक लगभग एक लाख आठ हजार टन वाणिज्यिक एलपीजी की बिक्री हुई है। सचिव ने आगे बताया कि पिछले चार दिनों में एक लाख नब्बे हजार से अधिक 5 किलोग्राम के सिलेंडर बेचे गए।
रसायन एवं उर्वरक मंत्रालय की संयुक्त सचिव अपर्णा एस शर्मा ने बताया कि खरीफ मौसम के लिए राज्यों में उर्वरकों की उपलब्धता 50 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा कि देशभर में 20 लाख मीट्रिक टन से अधिक उर्वरक उपलब्ध हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रमुख उर्वरकों के अधिकतम खुदरा मूल्य में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि संकट के दौर के बाद घरेलू उत्पादन काफी अच्छा रहा है, लगभग 86.2 लाख मीट्रिक टन, और 22 लाख मीट्रिक टन से अधिक आयातित उर्वरक देश में पहुंच चुके हैं।
बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव मुकेश मंगल ने बताया कि मार्शल द्वीप समूह के ध्वज वाला एलपीजी वाहक पोत एसवाईएमआई, जो भारत के लिए लगभग 19 हजार 965 मीट्रिक टन द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) लेकर आया था, शनिवार रात गुजरात के कांडला स्थित दीनदयाल बंदरगाह प्राधिकरण पर पहुंचा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं और पिछले 96 घंटों में भारतीय ध्वज वाले व्यापारिक जहाजों या विदेशी ध्वज वाले व्यापारिक जहाजों पर भारतीय नाविकों से जुड़ी कोई घटना दर्ज नहीं की गई है। श्री मंगल ने आगे कहा कि मंत्रालय नाविकों के कल्याण और निर्बाध समुद्री संचालन सुनिश्चित करने के लिए विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े हितधारकों के साथ समन्वय कर रहा है।
विदेश मंत्रालय (खाड़ी) के अतिरिक्त सचिव असीम महाजन ने कहा कि भारतीय दूतावास और वाणिज्य दूतावास चौबीसों घंटे हेल्पलाइन सेवा प्रदान कर रहे हैं ताकि समय पर सहायता उपलब्ध कराई जा सके और देश के नागरिकों की सक्रिय रूप से सहायता की जा सके। श्री महाजन ने बताया कि तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने भूमि सीमा मार्गों के माध्यम से ईरान से 2551 भारतीय नागरिकों की आवाजाही में सहायता की है। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय सरकारी दिशानिर्देशों, उड़ान और यात्रा संबंधी स्थितियों की जानकारी सहित नियमित रूप से सलाह जारी की जा रही है।













