Breaking News

अमेरिका और ईरान के बीच डील होने की उम्मीद में उछला शेयर बाजार, निवेशकों को एक दिन में 6.53 लाख करोड़ का मुनाफा


व्यापार 25 May 2026
post

अमेरिका और ईरान के बीच डील होने की उम्मीद में उछला शेयर बाजार, निवेशकों को एक दिन में 6.53 लाख करोड़ का मुनाफा

नई दिल्ली, 25 मई। पश्चिम एशिया में शांति होने की उम्मीद ने सोमवार को दुनिया भर के ज्यादातर शेयर बाजारों में उत्साह का माहौल बना दिया। इसी कारण घरेलू शेयर बाजार भी आज शानदार मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहा। आज के कारोबार की शुरुआत भी बढ़त के साथ हुई थी। हालांकि, शुरुआती कारोबार में मुनाफा वसूली होने के कारण सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की चाल में उतार-चढ़ाव भी होता रहा। इसके बावजूद बाजार में खरीदारी का जोर इतना अधिक था कि दोनों सूचकांक लगातार बढ़त बनाए रहे। आखिरी एक घंटे के कारोबार में हुई शानदार खरीदारी के कारण सेंसेक्स 1.42 प्रतिशत और निफ्टी 1.32 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे।

आज दिन भर के कारोबार के दौरान ज्यादातर सेक्टोरल इंडेक्स मजबूती के साथ हरे निशान में बंद हुए। बैंकिंग, ऑयल एंड गैस, पब्लिक सेक्टर एंटरप्राइज और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में आज जमकर खरीदारी होती रही। इसी तरह टेक, मेटल, हेल्थकेयर, कंज्यूमर ड्युरेबल्स, कैपिटल गुड्स और आईटी इंडेक्स भी मजबूती के साथ बंद होने में सफल रहे। दूसरी ओर, एफएमसीजी सेक्टर के शेयरों में आज बिकवाली का दबाव बना रहा। ब्रॉडर मार्केट में भी आज लगातार खरीदारी होती रही, जिसके कारण निफ्टी का मिडकैप इंडेक्स 0.94 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसी तरह स्मॉलकैप इंडेक्स ने 1.37 प्रतिशत की तेजी के साथ आज के कारोबार का अंत किया।

आज शेयर बाजार में आई मजबूती के कारण स्टॉक मार्केट के निवेशकों की संपत्ति में साढ़े छह लाख करोड़ रुपये से अधिक की बढ़ोतरी हो गई। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैपिटलाइजेशन आज के कारोबार के बाद बढ़ कर 468.78 लाख करोड़ रुपये (अनंतिम) हो गया। पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को इनका मार्केट कैपिटलाइजेशन 462.25 लाख करोड़ रुपये था। इस तरह निवेशकों को आज के कारोबार से करीब 6.53 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हो गया।

आज दिन भर के कारोबार में बीएसई में 4,531 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें 2,785 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए, जबकि 1,535 शेयरों में गिरावट का रुख रहा और 211 शेयर बिना किसी उतार चढ़ाव के बंद हुए। एनएसई में आज 2,996 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हुई। इनमें से 2,054 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में और 942 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में बंद हुए। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 26 शेयर बढ़त के साथ और 4 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 40 शेयर हरे निशान में और 10 शेयर लाल निशान में बंद हुए।

बीएसई का सेंसेक्स आज 720.47 अंक की मजबूती के साथ 76,135.82 अंक के स्तर पर खुला। शुरुआती 10 मिनट के कारोबार के बाद बाजार में मुनाफा वसूली शुरू हो गई, जिसकी वजह से यह सूचकांक गिर कर 76,097.02 अंक के स्तर तक आ गया। इसके बाद खरीदारों ने लिवाली का जोर बना दिया, जिससे सेंसेक्स की चाल में दोबारा तेजी आ गई।

हालांकि, बाजार में बीच-बीच में मुनाफा वसूली के कारण बिकवाली के झटके भी रखते रहे। इसके बावजूद खरीदारों ने पूरे दिन लिवाली का जोर बनाए रखा। खासकर, आखिरी एक घंटे के कारोबार में खरीदारों ने चौतरफा लिवाली शुरू कर दी, जिसकी वजह से आज का कारोबार खत्म होने के थोड़ी देर पहले यह सूचकांक 1,143.72 अंक उछल कर 76,559.07 अंक के स्तर तक आ गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद सेंसेक्स ऊपरी स्तर से करीब 70 अंक फिसल कर 1,073.61 अंक की बढ़त के साथ 76,488.96 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की तरह ही एनएसई के निफ्टी ने आज 220.95 अंक उछल कर 23,940.25 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलने के बाद शुरुआती 10 मिनट के कारोबार में लगातार खरीदारी होती रही, जिसकी वजह से इस सूचकांक की चाल में और तेजी आ गई। इसके बाद मुनाफा वसूली शुरू हो जाने की वजह से निफ्टी की चाल में उतार-चढ़ाव होने लगा। हालांकि, मुनाफा वसूली होने के बावजूद इस सूचकांक की मजबूती लगातार बनी रही। आखिरी एक घंटे के कारोबार में हुई जोरदार खरीदारी के कारण यह सूचकांक 335.15 अंक की छलांग लगा कर 24,054.45 अंक के स्तर तक पहुंच गया। पूरे दिन के कारोबार के बाद निफ्टी ऊपरी स्तर से मामूली फिसलन के साथ 312.40 अंक की बढ़त के साथ 24,031.70 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज दिन भर हुई खरीद बिक्री के बाद स्टॉक मार्केट के दिग्गज शेयरों में से आयशर मोटर्स 6.19 प्रतिशत, अदानी एंटरप्राइजेज 4.87 प्रतिशत, बजाज फाइनेंस 2.77 प्रतिशत, टीएमपीवी 2.72 प्रतिशत और लार्सन एंड टूब्रो 2.72 प्रतिशत की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। मैक्स हेल्थकेयर 2.19 प्रतिशत, ओएनजीसी 1.74 प्रतिशत, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज 0.87 प्रतिशत, नेस्ले 0.67 प्रतिशत और बजाज ऑटो 0.55 प्रतिशत की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर्स की सूची में शामिल हुए।

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.