Breaking News

आर्सेनल ने 14 साल बाद एनफील्ड में दर्ज की जीत, ब्राइटन ने मैनचेस्टर सिटी को उसी के घर में हराया


खेल 02 November 2026
post

आर्सेनल ने 14 साल बाद एनफील्ड में दर्ज की जीत, ब्राइटन ने मैनचेस्टर सिटी को उसी के घर में हराया

लंदन, 02 नवंबर. इंग्लिश प्रीमियर लीग 2026-27 के नौवें सप्ताह में कई ऐतिहासिक उपलब्धियां और दिलचस्प रिकॉर्ड देखने को मिले। आर्सेनल ने लिवरपूल को उसके घरेलू मैदान एनफील्ड में 1-0 से हराकर 2012 के बाद पहली जीत दर्ज की। ब्राइटन ने पहली बार मैनचेस्टर सिटी को उसके घर में शिकस्त दी। चेल्सी के कोल पामर ने भी प्रीमियर लीग में अपने 50 गोल पूरे किए। टोटेनहम ने क्रिस्टल पैलेस के खिलाफ 34 शॉट लगाकर अपना दबदबा दिखाया।

आर्सेनल ने 16 मुकाबलों का इंतजार खत्म किया

आर्सेनल ने लिवरपूल को 1-0 से हराकर एनफील्ड में 2012 के बाद पहली बार जीत हासिल की। इससे पहले आर्सेनल ने लिवरपूल के मैदान पर लगातार 16 मुकाबलों में जीत दर्ज नहीं की थी। नौ मैचों में 24 अंक हासिल करने वाली आर्सेनल इस सत्र में शानदार प्रदर्शन कर रही है। प्रीमियर लीग के किसी भी क्लब ने 2022-23 के बाद शुरुआती नौ मुकाबलों में इतने अंक हासिल नहीं किए थे। उस सत्र में भी आर्सेनल ने ही यह उपलब्धि हासिल की थी।

माइकल आर्टेटा के नेतृत्व में आर्सेनल ने उन लीग मुकाबलों में 81.1 प्रतिशत जीत दर्ज की है, जिनमें टीम ने पहले गोल किया। इस मामले में केवल सर एलेक्स फर्ग्यूसन, पेप गार्डियोला और जोस मोरिन्हो की टीमें उससे आगे रही हैं।

हावर्ट्ज बने प्रीमियर लीग के सबसे सफल जर्मन गोल स्कोरर

आर्सेनल के काई हावर्ट्ज ने लिवरपूल के खिलाफ निर्णायक गोल करके प्रीमियर लीग में अपने कुल गोल की संख्या 46 पहुंचा दी। इसके साथ ही वह प्रतियोगिता के इतिहास में सबसे अधिक गोल करने वाले जर्मन खिलाड़ी बन गए। उन्होंने इल्काय गुंडोगन के 45 गोल के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। हावर्ट्ज ने लिवरपूल के खिलाफ एनफील्ड में चेल्सी की ओर से अगस्त 2021 में भी गोल किया था, जिससे उनकी टीम ने 1-0 की बढ़त बनाई थी।

ब्राइटन ने सिटी को पहली बार उसके घर में हराया

ब्राइटन एंड होव एल्बियन ने एतिहाद स्टेडियम में मैनचेस्टर सिटी को 1-0 से हराकर इतिहास रच दिया। सिटी के खिलाफ 18वें प्रयास में ब्राइटन को पहली बार उसके घरेलू मैदान पर जीत मिली। मुकाबले में सिटी ने 21 शॉट लगाए, लेकिन एक भी गोल नहीं कर सकी। प्रीमियर लीग में 23 घरेलू मैचों के बाद यह पहला अवसर था, जब सिटी अपने मैदान पर गोल करने में नाकाम रही।

ब्राइटन ने पिछले छह लीग मुकाबलों में से पांच में जीत दर्ज की है और इन सभी पांच जीत में उसने विपक्षी टीम को गोल नहीं करने दिया। इस सत्र में उसके नाम छह क्लीन शीट हैं, जो सभी टीमों में सर्वाधिक हैं।

टोटेनहम ने पैलेस के खिलाफ लगाए 34 शॉट

टोटेनहम हॉटस्पर ने क्रिस्टल पैलेस को 2-0 से हराकर लगातार तीसरी प्रीमियर लीग जीत दर्ज की। फरवरी, 2025 के बाद यह पहला मौका है, जब टोटेनहम ने लगातार तीन लीग मुकाबले जीते हैं। मैच में टोटेनहम ने 34 शॉट लगाए, जबकि पैलेस की टीम केवल दो शॉट लगा सकी। फरवरी 2016 के बाद किसी प्रीमियर लीग मुकाबले में टोटेनहम का यह सर्वाधिक शॉट लगाने का रिकॉर्ड है।

सेंटर बैक खिलाड़ियों में पिछले सत्र की शुरुआत से अब तक केवल वर्जिल वान डाइक ने जान पॉल वान हेके से अधिक गोल किए हैं। वान डाइक के छह और वान हेके के पांच गोल हैं।

पामर के 50 गोल, मैनचेस्टर यूनाइटेड की मुश्किलें बढ़ीं

चेल्सी ने मैनचेस्टर यूनाइटेड को 2-0 से हराया। इस मुकाबले में कोल पामर ने प्रीमियर लीग में चेल्सी के लिए अपना 50वां गोल पूरा किया। उन्होंने यह उपलब्धि 105वें मैच में हासिल की। चेल्सी के लिए उनसे कम मैचों में 50 गोल केवल जिमी फ्लॉयड हसलबैंक (84 मैच) और डिएगो कोस्टा (85 मैच) ने पूरे किए थे।

दूसरी ओर, मैनचेस्टर यूनाइटेड का खराब प्रदर्शन जारी है। टीम सभी प्रतियोगिताओं में लगातार नौ मुकाबलों से जीत दर्ज नहीं कर सकी है। इस दौरान उसे तीन ड्रॉ और छह हार मिली हैं। सितंबर 1984 के बाद यह पहला अवसर है, जब यूनाइटेड इतने लंबे समय तक जीत से दूर रही है।

बोर्नमाउथ और ब्रेंटफोर्ड की भी शानदार जीत

बोर्नमाउथ ने लीड्स यूनाइटेड को 2-0 से हराकर लगातार तीसरी प्रीमियर लीग जीत दर्ज की। तीनों मुकाबलों में उसने विपक्षी टीम को गोल नहीं करने दिया। बोर्नमाउथ के एवेनिल्सन ने लगातार चार लीग मैचों में गोल किए हैं। यह प्रतियोगिता में उनका सबसे लंबा गोल करने का सिलसिला है। वह 2021 में राफिन्हा के बाद हैलोवीन के दिन प्रीमियर लीग में गोल करने वाले पहले ब्राजीलियाई खिलाड़ी भी बने।

ब्रेंटफोर्ड ने अपने 100वें घरेलू प्रीमियर लीग मुकाबले में नॉटिंघम फॉरेस्ट को 2-0 से हराया। टीम ने पिछले नौ लीग मैचों में से आठ में पहला गोल किया है। वहीं, फॉरेस्ट इस सत्र के नौ में से पांच मुकाबलों में गोल नहीं कर सकी है।

कोवेंट्री ने 1999 के बाद पहली बार दूर से किए दो गोल

कोवेंट्री सिटी ने सुंदरलैंड को 3-1 से हराया। इस मुकाबले में उसने बॉक्स के बाहर से दो गोल किए। दिसंबर, 1999 के बाद पहली बार कोवेंट्री ने प्रीमियर लीग के किसी मैच में बॉक्स के बाहर से दो गोल किए हैं। तात्सुहिरो सकामोटो ने प्रीमियर लीग में अपना पहला गोल किया और वह इस प्रतियोगिता में कोवेंट्री के लिए गोल करने वाले पहले एशियाई खिलाड़ी बने।

सुंदरलैंड के नौ मैचों में पांच अंक हैं। 2016-17 के बाद यह शुरुआती नौ मुकाबलों में उसका सबसे खराब प्रदर्शन है। उस सत्र में टीम को रेलिगेट होना पड़ा था।

हल ने नौ मैचों में जुटाए 11 अंक

हल सिटी और इप्सविच टाउन के बीच मुकाबला 2-2 से बराबर रहा। हल के नौ मैचों में 11 अंक हो गए हैं। शीर्ष लीग में शुरुआती नौ मुकाबलों के बाद टीम का यह दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले 2008-09 में उसने इसी अवधि में 20 अंक हासिल किए थे।

हल के ओलिवर मैकबर्नी ने प्रीमियर लीग में पहली बार सीधे फ्री-किक से गोल किया। हल की ओर से शीर्ष लीग में इससे पहले रॉबर्ट स्नोडग्रास ने दिसंबर 2016 में एवर्टन के खिलाफ सीधे फ्री-किक से गोल किया था।

फुलहम से ड्रॉ के बावजूद एस्टन विला की अपराजेय लय जारी

एस्टन विला और फुलहम के बीच मुकाबला 1-1 से बराबर रहा। इसके साथ ही विला की लीग में अपराजेय रहने की लय पांच मैचों तक पहुंच गई। फुलहम का गोल जियोन सुजुकी के आत्मघाती गोल के कारण हुआ। वह प्रीमियर लीग के इतिहास में आत्मघाती गोल करने वाले पहले एशियाई गोलकीपर बने।

निकोलस जैक्सन ने अक्टूबर में सभी प्रतियोगिताओं में छह गोल किए। इस महीने प्रीमियर लीग के किसी भी खिलाड़ी ने उनसे अधिक गोल नहीं किए। वह अप्रैल, 2024 में मॉर्गन रोजर्स के बाद लगातार तीन घरेलू लीग मुकाबलों में गोल करने वाले एस्टन विला के पहले खिलाड़ी भी बने

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.