धनुष, ममूटी और साई पल्लवी की फिल्म 'OM' का ट्रेलर रिलीज हो गया है. करीब 3 मिनट के ट्रेलर में एक्शन, क्राइम, राजनीति और जासूसी का जबरदस्त मेल देखने को मिलता है. लाल चंदन की तस्करी रोकने के लिए धनुष खतरनाक मिशन पर निकलते हैं. वहीं, ममूटी का खूंखार अंदाज और साई पल्लवी का दमदार किरदार ध्यान खींचता है. ट्रेलर देखकर दर्शकों को 'पुष्पा' और 'धुरंधर' की याद आ सकती है.
राजकुमार पेरियासामी के निर्देशन में बनी फिल्म 'OM' का ट्रेलर शुक्रवार देर शाम रिलीज हुआ. इसकी शुरुआत तिरुमाला मंदिर में बजते सुप्रभातम से होती है. इसके बाद कहानी लाल चंदन की तस्करी की दुनिया में पहुंचती है. फिल्म में दिखाया गया है कि दो मंदिरों वाले शहरों के बीच यह गैरकानूनी कारोबार तेजी से फैल रहा है. इस तस्करी को रोकने के लिए एक खास टीम बनाई जाती है, जिसमें धनुष भी शामिल हैं.धनुष इस यूनिट में D-402 के नाम से शामिल होते हैं. वह एक स्पेशल टास्क फोर्स ऑफिसर हैं, जिन्हें तस्करों के गिरोह में शामिल होकर उनके नेटवर्क का पता लगाना है. इस दौरान उनकी पत्नी का किरदार निभा रहीं श्रीलीला भी परेशान नजर आती हैं, क्योंकि उनके पति अपनी नौकरी के कारण परिवार की पहचान छिपाकर रखते हैं.
ममूटी और साई पल्लवी का दमदार अंदाज
फिल्म में ममूटी एक खतरनाक स्मगलर का किरदार निभा रहे हैं. उनके किरदार का नाम रेड हिल्स कार्तिकेयन उर्फ बर्मा कार्तिकेयन सिया है. फिल्म में उनका राजनीति और अपराध की दुनिया से गहरा रिश्ता दिखाया गया है. वहीं, नसीरुद्दीन शाह भी एक अहम किरदार में नजर आएंगे. दूसरी ओर, साई पल्लवी पुलिस ऑफिसर एएसपी नित्या रेड्डी बनी हैं. ट्रेलर के आखिर में वह लाल चंदन की तस्करी रोकने के लिए 'ऑपरेशन मोल' शुरू करती दिखाई देती हैं.
'पुष्पा' और 'धुरंधर' से तुलना
फिल्म में लाल चंदन की तस्करी 'पुष्पा' की याद दिलाती है, जबकि धनुष का अपराधियों के गिरोह में अंडरकवर जाना 'धुरंधर' जैसा लगता है. हालांकि, निर्देशक राजकुमार पहले ही साफ कर चुके हैं कि 'OM' का 'पुष्पा' से कोई संबंध नहीं है.















