यूक्रेन को रूस के साथ अब तक के सबसे बड़े कैदी आदान-प्रदान (prisoner exchange) की उम्मीद है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि,1,000 से अधिक लोगों को रिहा किए जाने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी टीमें, खुफिया एजेंसियां और विशेष सेवाएं इस आदान-प्रदान को संभव बनाने के लिए काम कर रही हैं।
'X' (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में, जेलेंस्की ने कहा कि कीव, अमेरिका के उन आश्वासनों को गंभीरता से ले रहा है, जिनमें कहा गया है कि प्रस्तावित आदान-प्रदान, संघर्ष शुरू होने के बाद से अब तक का सबसे बड़ा आदान-प्रदान होगा
जेलेंस्की ने कहा कि, हम वास्तव में एक बड़े पैमाने पर कैदी आदान-प्रदान की उम्मीद कर रहे हैं। हमारे अमेरिकी साझेदारों ने जो कहा है, हम उसे बहुत गंभीरता से ले रहे हैं। यह इस युद्ध का सबसे बड़ा आदान-प्रदान होना चाहिए। दोनों पक्षों से एक हजार से अधिक लोग। यह कई यूक्रेनी परिवारों के लिए बेहद संवेदनशील मामला है। अभी, हमारी टीमें, विशेष सेवाएं, खुफिया एजेंसियां और 'समन्वय मुख्यालय' (Coordination Headquarters) - सभी इस आदान-प्रदान को पूरा करने के लिए काम कर रहे हैं। मुझे जल्द ही तैयारियों के विवरण पर एक रिपोर्ट मिलने की उम्मीद है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने यूरोपीय नेताओं के साथ अपनी हालिया राजनयिक बातचीत के नतीजों पर भी प्रकाश डाला और डेनमार्क की ओर से 645 मिलियन यूरो के रक्षा सहायता पैकेज की घोषणा की। 'X' पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में, जेलेंस्की ने बताया कि इस पैकेज में F-16 लड़ाकू विमानों के लिए अतिरिक्त गोला-बारूद और यूक्रेन के लिए ऊर्जा सहायता शामिल होगी।















