झारखंड में कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे नाबालिग से यौन उत्पीड़न और दुष्कर्म के आरोपों को लेकर सियासत तेज हो गई है। अब इस मामले में हेमंत सोरेन की पार्टी झारखंड मुक्ति मोर्चा की भी प्रतिक्रिया सामने आई है। JMM नेता मनोज पांडेय ने कहा कि राज्य सरकार न तो किसी दोषी को बचाती है और न ही किसी को राजनीतिक कारणों से फंसाती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जांच में विधायक भूषण बाड़ा दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कानून अपना काम करेगा- JMM
जेएमएम नेता मनोज पांडेय ने कहा कि कानून अपना काम करेगा। शिकायत दर्ज हुई है और मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। यदि जांच में राजनीतिक साजिश या विपक्ष की ओर से किसी तरह की साजिश के साक्ष्य नहीं मिलते और विधायक के खिलाफ आरोप साबित होते हैं, तो नियमानुसार कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसी को संरक्षण देने या बेवजह फंसाने में विश्वास नहीं रखती।
इसी बीच विधायक भूषण बाड़ा की पत्नी ने भी इस मामले में अपना बयान दिया है। उन्होंने अपने पति का बचाव करते हुए आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है। उन्होंने दावा किया कि भूषण बाड़ा की बढ़ती लोकप्रियता को नुकसान पहुंचाने और उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से पूरे मामले को कथित तौर पर सुनियोजित तरीके से उठाया गया है।
विधायक की पत्नी जोशिमा खाखा ने आरोप लगाया कि नाबालिग लड़की को उसके दादा-दादी की जानकारी के बिना घर से ले जाया गया था। उन्होंने कहा कि जब उस रात लड़की के घर से गायब होने की जानकारी परिजनों को मिली, तो वे भी हैरान रह गए।















