Breaking News

आसियान किसी भी क्षेत्रीय ढांचे के केंद्र में : पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी


विदेश 17 November 2026
post

आसियान किसी भी क्षेत्रीय ढांचे के केंद्र में : पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के भारत के दृष्टिकोण को दोहराया और कहा कि 11 देशों का समूह ‘आसियान’ किसी भी क्षेत्रीय ढांचे के केंद्र में है।

पीएम मोदी ने मनीला में आयोजित वार्षिक पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में अपने संबोधन में प्रमुख क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटने में बातचीत और कूटनीति के महत्व पर जोर दिया। पीएम मोदी ने स्वतंत्र, मुक्त, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र का आह्वान करते हुए कहा कि ईएएस को वैश्विक स्तर पर शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता सुनिश्चित करने में योगदान देना चाहिए।

उन्होंने विशेष रूप से इस बात का उल्लेख किया कि संकटों और संघर्षों का संपूर्ण विश्व में खाद्य, ईंधन और उर्वरक की आपूर्ति पर किस प्रकार प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में लगातार निशाना बनाए जा रहे वाणिज्यिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने इस बात पर बल दिया कि यूक्रेन और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में किए जा रहे सभी प्रयासों का भारत समर्थन करता है। उन्होंने शांतिप्रिय समाजों के लिए आतंकवाद से उत्पन्न खतरों को भी रेखांकित किया।

पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन एशिया-प्रशांत क्षेत्र में रक्षा और सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए एक प्रमुख मंच है। 2005 में अपनी शुरुआत के बाद से इसने पूर्व एशिया के रणनीतिक, भू-राजनीतिक और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में आसियान (दक्षिण-पूर्वी एशियाई देशों के संघ) के 11 सदस्य देशों के अलावा भारत, चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, अमेरिका और रूस शामिल हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि मोदी ने एक शांतिपूर्ण, स्थिर और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र के भारत के दृष्टिकोण को दोहराया तथा किसी भी क्षेत्रीय ढांचे में आसियान की केंद्रीय भूमिका पर जोर दिया। जायसवाल ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने क्षेत्रीय सहयोग को और मजबूत करने का आह्वान किया तथा प्रमुख क्षेत्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय चुनौतियों से निपटने के लिए बातचीत और कूटनीति के महत्व पर प्रकाश डाला।

पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन मंगलवार को मनीला में आसियान शिखर सम्मेलन से इतर आयोजित किया जा रहा है। आसियान को क्षेत्र के सबसे प्रभावशाली समूहों में से एक माना जाता है। 1967 में स्थापित इस संगठन के 11 सदस्य हैं, जिनमें ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमार सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम शामिल हैं। भारत, अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई अन्य देश आसियान के संवाद भागीदार हैं

You might also like!


Channel not found or invalid API Key.