Breaking News

11 माह से नहीं मिल रही वृद्धावस्था पेंशन, बुजुर्ग ने कलेक्टर से लगाई गुहार


शहर 19 November 2026
post

11 माह से नहीं मिल रही वृद्धावस्था पेंशन, बुजुर्ग ने कलेक्टर से लगाई गुहार

दुर्ग   जिला कार्यालय के सभाकक्ष में कलेक्टर  अभिजीत सिंह ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे जनसामान्य लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनी। उन्होंने जनदर्शन में पहुंचे सभी लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और समुचित समाधान एवं निराकरण करने संबंधित विभागों को शीघ्र कार्यवाही कर आवश्यक पहल करने को कहा। जनदर्शन में संयुक्त कलेक्टर  राहुल कुमार रजक भी उपस्थित थे। जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन कराने, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका सुधार, आर्थिक सहायता राशि दिलाने सहित विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित आज 79 आवेदन प्राप्त हुए।

इसी कड़ी में भिलाई निवासी 85 वर्षीय बुजुर्ग ने पिछले 11 माह से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि पेंशन बंद होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शारीरिक रूप से कमजोर होने और आंखों से दिखाई नहीं देने के कारण उनकी परेशानी और बढ़ गई है। बैंक एवं नगर निगम में संपर्क करने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं हो पाया है। इस पर कलेक्टर ने समाज कल्याण विभाग को मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत विनायकपुर के ग्रामीणों ने सीसी रोड निर्माण कराने आवेदन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में एक ऐसी गली का सीमेंटीकरण कराया जा रहा है, जिनका पांच वर्ष पहले निर्माण हुआ है, जो आज भी अच्छी स्थिति में है, जबकि कई गलियों में अब तक पक्की सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने जरूरतमंद गलियों को प्राथमिकता देते हुए सीसी रोड निर्माण कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को परीक्षण कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा।

You might also like!