Breaking News

देश में सूखे से किसान परेशान, लेकिन बासमती उगाने वालों की निकल पड़ी! एक साल में ऐसे बदली कमाई की तस्वीर


देश 23 November 2026
post

देश में सूखे से किसान परेशान, लेकिन बासमती उगाने वालों की निकल पड़ी! एक साल में ऐसे बदली कमाई की तस्वीर

देश के कई हिस्सों में कम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। कहीं फसलों की बुआई पर असर पड़ा है तो कहीं पैदावार घटने से किसान परेशान हैं। लेकिन पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के बासमती किसानों के लिए इस बार अच्छी खबर है। उन्हें न सिर्फ पिछले साल के मुकाबले ज्यादा धान मिल रहा है, बल्कि मंडियों में इसके अच्छे दाम भी मिल रहे हैं। इससे किसानों की कमाई में भी बढ़ोतरी हुई है।

हरियाणा के करनाल जिले में इस बार बासमती की फसल अच्छी हुई है। यहां किसानों को पूसा बासमती-1509 किस्म से एक एकड़ में 22 से 23 क्विंटल तक धान मिल रहा है। पिछले साल यह मात्रा 18 से 20 क्विंटल थी। यानी किसानों को एक एकड़ में करीब 3 से 4 क्विंटल ज्यादा फसल मिल रही है।

द इंडियन एक्सप्रेस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मंडी में भी किसानों को इस बार अच्छी कीमत मिल रही है। पिछले साल पूसा बासमती-1509 का भाव 2,800 से 3,000 रुपए प्रति क्विंटल था, जो इस बार बढ़कर 3,900 से 4,000 रुपए हो गया है। वहीं, पूसा बासमती-1718 के लिए किसानों को करीब 4,800 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहे हैं। पिछले साल इसका भाव 3,600 रुपए के आसपास था।

बासमती की फसल अच्छी होने की एक बड़ी वजह इस बार मौसम का साथ देना है। पिछले साल अगस्त और सितंबर में जरूरत से ज्यादा बारिश हुई थी। उस समय धान की फसल में फूल आ रहे थे। लगातार बारिश और खेतों में पानी भरा रहने से दाने ठीक से नहीं बन पाए। कुछ इलाकों में बीमारी ने भी फसल को नुकसान पहुंचाया था।

You might also like!