देश के सबसे बड़े औद्योगिक समूहों में शामिल टाटा ग्रुप में इन दिनों नेतृत्व और कंपनी के भविष्य को लेकर बड़ा विवाद चल रहा है। टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की तीसरी बार पुनर्नियुक्ति और कंपनी की शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर टाटा ट्रस्ट्स तथा टाटा संस के बीच मतभेद गहराते जा रहे हैं। इस विवाद ने अब कानूनी रूप ले लिया है। शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को बॉम्बे हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई हुई। टाटा ट्रस्ट्स ने अदालत से 30 नवंबर को होने वाली टाटा संस की बोर्ड बैठक को टालने या उस पर रोक लगाने की मांग की थी। हालांकि, अदालत ने तत्काल कोई राहत देने से इनकार कर दिया और कहा कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बोर्ड बैठक हो सकती है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि बैठक में लिए जाने वाले सभी फैसले अंतिम न्यायिक आदेश के अधीन रहेंगे। इस फैसले के बाद अब 30 नवंबर की बैठक पर सबकी नजरें टिक गई हैं
एन. चंद्रशेखरन को टाटा संस के कार्यकारी चेयरमैन के रूप में एक और पांच साल का कार्यकाल देने का फैसला 17 सितंबर 2026 को हुई बोर्ड बैठक में लिया गया था। यह उनका तीसरा पांच वर्षीय कार्यकाल होगा। हालांकि, इस फैसले पर टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा ने आपत्ति जताई। उनका कहना है कि कंपनी के आर्टिकल्स ऑफ एसोसिएशन यानी आंतरिक नियमों के मुताबिक, इस तरह के महत्वपूर्ण फैसले के लिए ट्रस्ट्स के नामित निदेशकों की आवश्यक सहमति मिलना जरूरी है। टाटा ट्रस्ट्स का आरोप है कि पुनर्नियुक्ति का प्रस्ताव उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना पारित किया गया। इसी आधार पर सर दोराबजी टाटा ट्रस्ट और आरडी टाटा ट्रस्ट ने बॉम्बे हाईकोर्ट में अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की हैं। दोनों ट्रस्ट्स ने इस फैसले को अमान्य घोषित करने की मांग की है
सुनवाई के दौरान टाटा ट्रस्ट्स की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने दलील दी कि यदि 30 नवंबर की बोर्ड बैठक होने दी गई तो इससे नोएल टाटा के अधिकारों और कंपनी के आंतरिक प्रशासनिक नियमों पर असर पड़ सकता है। ट्रस्ट्स ने मांग की कि बैठक को स्थगित किया जाए या कम से कम चंद्रशेखरन को ऐसी स्थिति में निर्णायक वोट यानी कास्टिंग वोट का इस्तेमाल करने से रोका जाए, जब बोर्ड के नामित निदेशकों के बीच मतभेद हो। ट्रस्ट्स का कहना है कि चेयरमैन की पुनर्नियुक्ति के लिए जरूरी सहमति नहीं ली गई। वहीं, टाटा संस की तरफ से वरिष्ठ अधिवक्ता हरीश साल्वे ने इसका विरोध किया। उनका तर्क था कि कंपनी के नियमित कामकाज को आंतरिक विवादों के कारण नहीं रोका जा सकता। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया















