सोने की कीमतों में तेज गिरावट अब उन लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है, जिन्होंने अपनी ज्वेलरी गिरवी रखकर गोल्ड लोन लिया है। सोने के दाम घटने से गिरवी रखे गए सोने की मौजूदा कीमत और लोन की रकम के बीच का अंतर कम हो गया है। ऐसे में गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों ने ग्राहकों को कानूनी नोटिस भेजने शुरू कर दिए हैं। इन नोटिस में ग्राहकों से लोन का कुछ हिस्सा चुकाने या अतिरिक्त सोना गिरवी रखने को कहा जा रहा है। ऐसा नहीं करने पर कंपनियां गिरवी रखे गहनों की नीलामी कर सकती हैं।
इकोनॉमिक टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गोल्ड लोन देने वाली कंपनियों के करीब 40% पोर्टफोलियो में लोन-टू-वैल्यू (LTV) की तय सीमा टूट गई है। कुछ मामलों में यह अनुपात 95% से भी ऊपर पहुंच गया है। पिछले दो सप्ताह में सोने की कीमतों में आई तेज गिरावट इसकी बड़ी वजह है।
रिपोर्ट के अनुसार, गोल्ड लोन कंपनियां ग्राहकों को फिलहाल एक और मौका दे रही हैं। कंपनियों के अधिकारी फोन और दूसरे माध्यमों से संपर्क कर रहे हैं। ग्राहकों से कहा जा रहा है कि वे या तो कुछ रकम तुरंत जमा करें या फिर अतिरिक्त सोना गिरवी रखकर लोन की शर्तें पूरी करें। अगर ग्राहक ऐसा नहीं करते हैं तो कंपनी कानूनी नोटिस देने के 30 दिन बाद गिरवी रखे गहनों की नीलामी कर सकती है।
दरअसल, गोल्ड लोन में LTV का मतलब है कि गिरवी रखे गए सोने की कीमत के मुकाबले ग्राहक को कितना कर्ज दिया गया है। अगर सोने की कीमत गिरने से यह अनुपात तय सीमा से ऊपर चला जाता है तो इसे लोन में डिफॉल्ट माना जाता है। इसके लिए यह जरूरी नहीं कि ग्राहक ने किस्त या ब्याज चुकाने में भी कोई चूक की हो।















