वेव्स फिल्म बाजार का 20वां संस्करण 20 से 24 नवंबर, 2026 तक गोवा के ‘ताज सिदादे दे गोवा होराइजन’ में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के 57वें संस्करण (इफ्फी) के साथ-साथ संपन्न होगा।
दरअसल, वेव्स फिल्म बाजार कला के इस क्षेत्र में सिनेमाई आदान-प्रदान, सहयोग और व्यावसायिक अवसरों के लिए सबसे महत्वपूर्ण मंचों में से एक है। वेव्स फिल्म बाजार की प्रमुख गतिविधियों में ‘सह-निर्माण बाजार’ शामिल है, जो चयनित फीचर फिल्मों और वृत्तचित्रों को अंतरराष्ट्रीय निर्माताओं तथा वित्तपोषकों से जोड़ता है।
इसके अलावा, ‘एनएफडीसी पटकथा लेखक प्रयोगशाला’ उभरती हुई लेखन प्रतिभाओं को निखारने का अवसर प्रदान करती है, जबकि ‘निर्माणाधीन फिल्म प्रयोगशाला’ के माध्यम से अपनी परियोजनाओं को बेहतर बनाने में जुटे फिल्म निर्माताओं को विशेषज्ञों से सुझाव और प्रतिक्रिया मिलती है। ‘दृश्य कक्ष’, ‘बाजार प्रदर्शन’ और ‘निर्माता प्रयोगशाला’ जैसी अन्य गतिविधियां फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों के बीच संपर्क व सहयोग बढ़ाने, परियोजनाओं के विकास तथा संभावित खरीदारों एवं वितरकों से जुड़ने के अवसर प्रदान करती हैं।
वहीं, ‘ज्ञान श्रृंखला’ के अंतर्गत फिल्म उद्योग के दिग्गज एक मंच पर जुटते हैं, जहां वे उभरते रुझानों, वितरण व्यवस्था, व्यावसायिक मॉडल और अंतरराष्ट्रीय सहयोग जैसे विषयों पर चर्चा करते हैं। देश व विभिन्न राज्यों के मंडप, प्रौद्योगिकी प्रदर्शनियां तथा बाजार में लगाए गए स्टॉल सीमाओं के पार साझेदारियों को बढ़ावा देते हैं। ये वैश्विक श्रव्य-दृश्य उद्योग में उपलब्ध अवसरों को सामने लाते हैं।
दक्षिण एशियाई कहानी-कला को बढ़ावा देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा वर्ष 2007 में शुरू किया गया फिल्म बाजार आज एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय मंच बन चुका है। यह फिल्म निर्माताओं, निर्माणकर्ताओं, वित्तपोषकों, वितरकों, बिक्री प्रतिनिधियों और फिल्म महोत्सवों के कार्यक्रम चयनकर्ताओं को एक-दूसरे से जोड़ता है।
आपको बता दें, पिछले कुछ वर्षों में इस मंच ने कई प्रशंसित फिल्मों के सफर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इनमें ‘शिप ऑफ थीसियस’ (2012), ‘अन्हे घोड़े दा दान’ (2011), ‘मिस लवली’ (2012), ‘किस्सा’ (2013), ‘द लंचबॉक्स’ (2013), ‘लायर्स डाइस’ (2013), ‘कोर्ट’ (2014), ‘तितली’ (2014), ‘मार्गरीटा विद अ स्ट्रॉ’ (2014), ‘चौथी कूट’ (2015), ‘दम लगा के हईशा’ (2015), ‘थिथी’ (2015), ‘न्यूटन’ (2017), ‘मंटो’ (2018), ‘फायर इन द माउंटेंस’ (2021), ‘इन द बेली ऑफ द टाइगर’ (2024), ‘गर्ल्स विल बी गर्ल्स’ (2024), ‘कैक्टस पियर्स’ (2025), ‘शेप ऑफ मोमो’ (2026) और ‘लिटिल थॉमस’ (2026) जैसी फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा, एनएफडीसी ने 21 क्षेत्रीय भाषाओं की 300 से अधिक फिल्मों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की है। इनमें से कई फिल्मों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है।
अब वेव्स फिल्म बाजार के व्यापक बैनर के तहत काम कर रहा यह मंच दक्षिण एशियाई सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय बाजारों और दर्शकों से जोड़ने के अपने दृष्टिकोण का विस्तार कर चुका है। इसके कार्यक्रम फिल्म निर्माताओं को निर्माण के विभिन्न चरणों में उद्योग जगत से सहयोग, मार्गदर्शन, वित्तपोषण और वितरण के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में मदद करते हैं।
वेव्स फिल्म बाजार अपनी यात्रा के दो दशक पूरे करते हुए का 20वां संस्करण रचनात्मक साझेदारियों को बढ़ावा देने, उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय सिनेमा के लिए नए अवसर सृजित करने के माध्यम से वैश्विक फिल्म जगत में भारत की उपस्थिति को और मजबूत करने का लक्ष्य रखता है।















