दिल्ली हाई कोर्ट ने कथित IRCTC घोटाले से जुड़े भ्रष्टाचार मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को राहत देने से इनकार कर दिया है। कोर्ट ने गुरुवार, 26 नवंबर 2026 को लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी प्रसाद यादव की याचिकाएं खारिज कर दीं। इन याचिकाओं में आरोप तय करने के ट्रायल कोर्ट के आदेश को चुनौती दी गई थी।
यह मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने दर्ज किया है। हाई कोर्ट के फैसले के बाद ट्रायल कोर्ट का आरोप तय करने वाला आदेश बरकरार है।
जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने फैसला सुनाते हुए कहा, "सभी याचिकाएं खारिज की जाती हैं। आरोप तय करने का आदेश बरकरार रखा जाता है।"
अदालत के इस फैसले का असर सिर्फ यादव परिवार तक सीमित नहीं है। मामले के कई अन्य आरोपियों को भी हाई कोर्ट से राहत नहीं मिली है।
कोर्ट ने प्रेम चंद गुप्ता, राकेश सक्सेना, विनोद कुमार अस्थाना, भूपेंद्र कुमार अग्रवाल और सरला गुप्ता की याचिकाएं भी खारिज कर दीं।
इनके साथ प्रदीप कुमार गोयल, राकेश कुमार गोगिया, लारा प्रोजेक्ट्स एलएलपी और सुजाता होटल प्राइवेट लिमिटेड की याचिकाएं भी नामंजूर कर दी गईं।















