नवंबर 2008 के मुंबई आतंकी हमले ने समुद्री निगरानी और खुफिया तालमेल की गंभीर खामियां सामने ला दी थीं। 18 साल बाद भारत के पास निगरानी का बड़ा नेटवर्क है, लेकिन ट्रांसपोंडर के बिना चलने वाली नावें और ड्रोन जैसे नए खतरे अब भी चुनौती हैं।
लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकी कराची से रवाना होकर समुद्री रास्ते से मुंबई पहुंचे थे। उन्होंने मछली पकड़ने वाले ट्रॉलर 'कुबेर' पर कब्जा किया, उसके कप्तान की हत्या की और फिर हवा वाली नावों से बिना पकड़ में आए तट पर उतर गए। हमलों में 166 लोगों की जान गई।
इसके बाद नौसेना को तटीय और अपतटीय सुरक्षा समेत संपूर्ण समुद्री सुरक्षा की प्रमुख एजेंसी बनाया गया। कोस्ट गार्ड को क्षेत्रीय जलसीमा में तटीय सुरक्षा के समन्वय का जिम्मा मिला, जबकि उथले तटीय इलाके राज्यों की मरीन पुलिस के पास रहे।
नौसेना ने 2014 में गुरुग्राम में इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट एंड एनालिसिस सेंटर (IMAC) स्थापित किया। यह तटीय रडार, ऑटोमैटिक आइडेंटिफिकेशन सिस्टम (AIS), शिपिंग डेटाबेस, खुफिया सूचनाओं और अंतरराष्ट्रीय व्यवस्थाओं से जानकारी जुटाता है। इसका विश्लेषण कर संदिग्ध जहाजों की पहचान और सूचनाएं साझा की जाती हैं।
2018 में बने इन्फॉर्मेशन फ्यूजन सेंटर-हिंद महासागर क्षेत्र ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय साझेदारों के साथ सूचना आदान-प्रदान का दायरा बढ़ाया।
कोस्ट गार्ड के अनुसार, तट और द्वीपों पर 46 स्थानों पर रडार, AIS, दिन-रात काम करने वाले कैमरे और मौसम प्रणालियां लगी हैं। नेटवर्क के दूसरे चरण में 38 अतिरिक्त रडार स्टेशन और आठ मोबाइल निगरानी प्रणालियां प्रस्तावित हैं।















