भारतीय क्रिकेट के लिए साल 2026 कई ऐतिहासिक उपलब्धियों और यादगार पलों के नाम रहा। टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप का खिताब जीतकर एक बार फिर दुनिया में अपनी बादशाहत साबित की। खास बात यह रही कि भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप अपने नाम किया और इस टूर्नामेंट को तीन बार जीतने वाली पहली टीम भी बन गई। इसके साथ ही भारतीय बल्लेबाजों ने छक्कों की ऐसी बरसात की कि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नया रिकॉर्ड बन गया। मैदान पर खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन, बड़े स्कोर और रोमांचक मुकाबलों ने इस साल को भारतीय क्रिकेट के लिए बेहद खास बना दिया।
साल की सबसे बड़ी उपलब्धि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का टी20 विश्व कप चैंपियन बनना रहा। 8 मार्च 2026 को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 255 रन बनाए। जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई।
इस जीत के साथ भारत ने कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए। टीम इंडिया लगातार दो टी20 विश्व कप जीतने वाली पहली टीम बनी। इसके अलावा भारत पहली ऐसी टीम बना जिसने अपने घरेलू मैदान पर पुरुष टी20 विश्व कप का खिताब जीता। यह भारत का तीसरा टी20 विश्व कप खिताब था। इससे पहले टीम ने 2007 और 2024 में ट्रॉफी जीती थी
फाइनल में भारतीय बल्लेबाजों ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला। संजू सैमसन ने 46 गेंदों पर 89 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में पांच चौके और आठ छक्के शामिल रहे। ईशान किशन ने भी 25 गेंदों पर 54 रन बनाकर टीम के बड़े स्कोर में अहम योगदान दिया। वहीं, अभिषेक शर्मा ने केवल 21 गेंदों पर 52 रन की तेजतर्रार पारी खेली और 18 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह ने कमाल दिखाया। उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट हासिल किए। अक्षर पटेल ने भी तीन विकेट लेकर न्यूजीलैंड की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। बुमराह को फाइनल में शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूरे टूर्नामेंट में भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव के क्षणों में बेहतरीन प्रदर्शन किया और खिताब तक का सफर तय किया















